scriptअसम में भाजपा ने तय किए उम्मीदवार, तीन सांसदों का काटा टिकट | assam bjp launched candidates list for lok sabha election 2019 | Patrika News
गुवाहाटी

असम में भाजपा ने तय किए उम्मीदवार, तीन सांसदों का काटा टिकट

असम में भाजपा 14 में से 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। तीन सीटें उसने सहयोगी असम गण परिषद(अगप) और एक बोड़ो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) को दी है…

गुवाहाटीMar 22, 2019 / 05:28 pm

Prateek

(गुवाहाटी,राजीव कुमार): भाजपा ने असम की आठ और अरुणाचल की दो लोकसभा सीटों के लिए गुरुवार देर शाम उम्मीदवारों का एलान किया। असम में दो वर्तमान के सांसदों को वापस टिकट दिया गया है जबकि तीन सांसदों के टिकट काट दिए गए हैं।

 

असम में भाजपा 14 में से 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। तीन सीटें उसने सहयोगी असम गण परिषद(अगप) और एक बोड़ो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) को दी है। भाजपा ने डिब्रुगढ़ के सांसद रामेश्वर तेली और लखीमपुर के सांसद प्रदान बरुवा को फिर से टिकट दिया है जबकि गुवाहाटी की सांसद विजया चक्रवर्ती, मंगलदै के सांसद रमेन डेका और जोरहाट के सांसद कामाख्या प्रसाद तासा को टिकट नहीं मिला है। इनके स्थान पर गुवाहाटी से क्वीन ओझा, मंगलदै से दिलीप सैकिया और जोरहाट से तपन कुमार गोगोई को टिकट दिया गया है।

 

करीमगंज सीट से विधायक तथा असम विधानसभा के उपाध्यक्ष कृपानाथ मल्लाह को, सिलचर सीट से राजदीप राय और स्वशासी जिला सीट से हरेनसिंह बे को टिकट दिया गया है। जोरहाट से भाजपा के उम्मीदवार बनाए गए तपन कुमार गोगोई असम मंत्रिमंडल में स्वतंत्र ऊर्जा राज्य मंत्री हैं। भाजपा ने अब तक अपनी दो सीटों तेजपुर और नगांव पर उम्मीदवारों का एलान नहीं किया है।

 

तेजपुर से भाजपा के सांसद आर पी शर्मा का नाम प्रदेश भाजपा की ओर से पैनल में न जाने के चलते उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। तेजपुर सीट से असम के वित्त मंत्री तथा नार्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक एलांयस के संयोजक डा.हिमंत विश्व शर्मा का ही नाम सिर्फ भेजा गया था। पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने डा.शर्मा को लोकसभा चुनाव लड़ने से रोक लिया।

 

दोनों ने कहा कि डा.शर्मा को पूर्वोत्तर में भाजपा को शक्तिशाली करने के लिए काम करना चाहिए। इसलिए पहले प्रदेश भाजपाध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने मीडिया से कहा था कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के कहने के चलते ही डा.शर्मा का नाम तेजपुर सीट के के लिए भेजा गया था। पर जब प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने डा.शर्मा को चुनाव लड़ने से रोका तो दास का बयान बदल गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव राम माधव के कहने से उन्होंने ऐसा किया।

 

वहीं नगांव से भाजपा के सांसद तथा रेल राज्य मंत्री राजेन गोहाईं ने खुद ही चुनाव न लड़ने का एलान किया। उन्होंने कहा कि उन पर यौन शोषण का जो मामला चल रहा है उसके चलते वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। इन वजहों से भाजपा अब भी तेजपुर और नगांव पर कोई फैसला नहीं कर पाई है। उधर अरुणाचल की दो सीटों के लिए भी उम्मीदवारों का एलान किया गया है। अरुणाचल वेस्ट से तापिर गाव और अरुणाचल ईस्ट से वर्तमान के सांसद केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजीजू को टिकट दिया गया है।

Home / Guwahati / असम में भाजपा ने तय किए उम्मीदवार, तीन सांसदों का काटा टिकट

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो