scriptकेरला एक्सप्रेस में यात्रियों की मौत व्यवस्था द्वारा की गई हत्या: ठाकुर | killed by travelers in kerala express murder by the system: thakur | Patrika News
ग्वालियर

केरला एक्सप्रेस में यात्रियों की मौत व्यवस्था द्वारा की गई हत्या: ठाकुर

भीषण गर्मी की वजह से केरला एक्सप्रेस में पांच यात्री बीमार हो गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई। यह व्यवस्था के द्वारा की गई हत्या है। इसके लिए रेलवे जिम्मेदार है। प्रधानमंत्री को तत्काल रेल मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए।

ग्वालियरJun 12, 2019 / 01:03 am

Rahul rai

kerala express

केरला एक्सप्रेस में यात्रियों की मौत व्यवस्था द्वारा की गई हत्या: ठाकुर

ग्वालियर। भारतीय रेलवे अपने इतिहास की सबसे बदतर स्थिति में है। यात्रियों को न पानी उपलब्ध हो रहा है, न प्राथमिक उपचार। इस कारण भीषण गर्मी की वजह से केरला एक्सप्रेस में पांच यात्री बीमार हो गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई। यह व्यवस्था के द्वारा की गई हत्या है। इसके लिए रेलवे जिम्मेदार है। प्रधानमंत्री को तत्काल रेल मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए। यह बात लोकतांत्रिक पार्टी के संरक्षक एवं समाजवादी विचारक रघुठाकुर ने यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि रेल में यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, वहीं दूसरी ओर रतलाम डिवीजन मसाज की व्यवस्था करने जा रहा है। रेल जैसे महत्वपूर्ण विभाग के बजट को आम बजट में समाहित कर इसे महत्वहीन बना दिया है। उन्होंने रेल बजट को अलग से पेश करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि ग्वालियर बुंदेलखंड में रेल लाइनों का अभाव है। हमारी मांग पर भिंड से महोबा लाइन शुरू करने की घोषणा की गई थी, लेकिन इस पर काम शुरू नहीं हो सका है।
जीत जाएं तो ठीक, हारे तो ईवीएम गलत
रघु ठाकुर ने कहा यह बात ठीक नहीं है कि जीत गए तो ईवीएम ठीक, और हार गए तो खराब है। जिस ईवीएम से अमेठी में राहुल गांधी हारे उसी से वायनाड में जीत गए। उनकी मां सोनिया गांधी भी जीत गईं। अगर ईवीएम से शिकायत थी तो सभी 21 दलों को चुनाव आयोग से शिकायत करनी थी।
राष्ट्रवाद का मुद्दा रहना चाहिए
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देश में राष्ट्रवाद का मुद्दा तो रहना चाहिए। इसका मतलब देश सुरक्षित रहे और न्याय की समानता हो। उन्होंने कहा कि जो लोग गोडसे को महत्व दे रहे हैं वे अहिंसा को नीचे ले जाकर हिंसा को ऊपर लाना चाहते हैं, लेकिन ये लोग सफल नहीं होंगे। बच्चों के साथ होने वाली यौन हिंसा पर उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को फांसी अनिवार्य होना चाहिए। कठुआ कांड के आरोपियों को फांसी नहीं होने पर कहा कि देश में एक कानून हो।
कमलनाथ असफल मुख्यमंत्री
ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है। मंत्री अफसरों को नापने की बातें कर रहे हैं। उन्हें यह समझना चाहिए अधिकांश अधिकारी दलों के गुलाम नहीं होते। वे सरकारी नौकर होते हैं। कमलनाथ ने कहा था कि मध्यप्रदेश में उद्योग लगाएंगे, लेकिन उन्होंने तबादला उद्योग खोल दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली का ढांचा गड़बड है। कानून व्यवस्था बदतर हुई है।

Home / Gwalior / केरला एक्सप्रेस में यात्रियों की मौत व्यवस्था द्वारा की गई हत्या: ठाकुर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो