scriptसिलेंडर के बाद अब नया गैस कनेक्शन लेना भी महंगा, उपभोक्ताओं को बड़ा झटका | LPG Gas Connection price hike | Patrika News

सिलेंडर के बाद अब नया गैस कनेक्शन लेना भी महंगा, उपभोक्ताओं को बड़ा झटका

locationग्वालियरPublished: Jun 17, 2022 08:53:35 am

Submitted by:

Manish Gite

दो सिलेंडर के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट 4,400 रुपए होंगे, 14.2 किलो घरेलू सिलेंडर के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट 750 रुपए अधिक लगेंगे

gas.jpg

ग्वालियर। घरेलू और कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने के बाद उपभोक्ताओं को एक और झटका लगा है। अब नया गैस कनेक्शन लेना भी और भी महंगा हो गया है। गुरुवार से सिक्योरिटी डिपॉजिट यानी सुरक्षित राशि की रकम में भी बढ़ोतरी कर दी गई है।

सार्वजनिक तेल कंपनियों (इंडियन ऑयल, भारत पेटोलियम और हिंदुस्तान पेटोलियम) ने एलपीजी सिलेंडर और रेगुलेटर की सिक्योरिटी राशि को बढ़ा दिया है। अब ग्राहकों को 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर के कनेक्शन के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में 1,450 रुपए की जगह 2,200 रुपए देने होंगे, इस प्रकार अब 750 रुपए अधिक लगेंगे।

वहीं दो सिलेंडर के लिए सिक्योरिटी डिपॉजिट 4,400 रुपए देना पड़ेगे। इसी तरह पांच किलो के सिलेंडर के लिए 800 रुपए के बदले 1,150 रुपए देना होंगे। डीपीआर (रेगुलेटर) की सिक्योरिटी राशि 150 रुपए से बढ़ाकर 250 रुपए हो गई है।

रेगुलेटर टूट गया या खराब हो गया, तो बदलने के लिए 300 रुपए लगेंगे। बताया जाता है कि करीब 10 वर्ष बाद सिलेंडर की सिक्योरिटी डिपॉजिट में बढ़ोतरी की गई है। इससे नया गैस कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को झटका लगेगा।


घरेलू पर 3.50, कमर्शियल पर 8 रुपए की बढ़ोतरी

इससे पहले मई माह में घरेलू गैस सिलेंडर पर अब 3 रुपए 50 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी। इसी प्रकार कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में भी 8 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी।

इससे पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में इसी माह 102 रुपए 50 पैसे की तेजी आई थी, जिसके बाद कमर्शियल गैस सिलेंडर 2445 रुपए 50 पैसे का हो गया था, चूंकि अब इसमें 8 रुपए और बढ़ा दिए गए हैं, इस कारण अब गैस सिलेंडर के दाम करीब 110.50 रुपए बढ़कर 2453.50 में आएगा।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो