scriptसड़कों पर आवारा जानवरों की दहशत: सांड के महिला पर हमले के बाद पकड़े 59 गोवंश, निगम का दावा रोज चल रहा | nagar nigam gwalior | Patrika News
ग्वालियर

सड़कों पर आवारा जानवरों की दहशत: सांड के महिला पर हमले के बाद पकड़े 59 गोवंश, निगम का दावा रोज चल रहा

अभियान, फिर सड़कों पर इतने जानवर कहां से आ रहे
चार टीमें रोजाना पकड़ रहीं आवारा जानवर
आठ दिन में 548 गोवंश पकड़कर गोशाला भेजे

ग्वालियरAug 11, 2022 / 10:59 pm

monu sahu

nagar nigam gwalior

सड़कों पर आवारा जानवरों की दहशत: सांड के महिला पर हमले के बाद पकड़े 59 गोवंश, निगम का दावा रोज चल रहा,सड़कों पर आवारा जानवरों की दहशत: सांड के महिला पर हमले के बाद पकड़े 59 गोवंश, निगम का दावा रोज चल रहा

ग्वालियर। हरीशंकर पुरम में सूरी हाउस के पास रविवार को आवारा सांड द्वारा महिला पर हमला करने और फिर भाजपा पार्षद अर्पणा पाटिल द्वारा फेसबुक पर पोस्ट कर नगरनिगम कमिश्नर को चेतावनी देने के बाद सोमवार को निगम का अमला शहर में आवारा जानवरों को पकड़ने निकला। अमले ने वार्ड 58 सहित शहर से 59 जानवरों को पकड़ा। निगम का दावा है कि आवारा जानवरों को पकड़ने के लिए प्रतिदिन चार टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जाती हैं और रोजाना 75 से 100 आवारा जानवर पकड़े जा रहे हैं। पिछले आठ दिन में 548 गोवंश को सड़कों से पकड़कर गोशाला में शिफ्ट किया गया है। सवाल उठता है कि रोजाना आवारा जानवर पकड़े जा रहे हैं तो सड़कों पर इतने जानवर कहां से आ रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक शहर की मुख्य सड़कों और गली मोहल्लों में 20 हजार से अधिक आवारा जानवर घूमते हैं, जो लोगों की परेशानी का कारण बने हुए हैं। जो पिछल दिनों में एक दर्जन के करीब लोगों की जान ले चुके हैं और सैकड़ों लोगोंं को घायल कर चुके हैं।
रविवार शाम को वार्ड 58 के हरीशंकर पुरम में सूरी हाउस के पास कॉलोनी में आ रही एक महिला पर अचानक सांड ने हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह घबरा कर दहशत में आ गई। तभी पार्षद अर्पणा पाटिल का वहां से निकलना हुआ और उन्होंने गाड़ी रोककर किसी तरह महिला का बचाव किया और उसे ढांढस बंधाया। उसके बाद उन्होंने निगमायुक्त को 24 घंटे में गली-मोहल्लों से आवारा जानवरों की पकडऩे की चेतावनी दे डाली। हालांकि निगम आयुक्त ने तत्काल मदाखलत अमले का मौके पर भेजा और जानवरों को पकड़वाकर गोशाला भिजवाया।
आए दिन लोग हो रहे घायल

शहर की सडक़ों पर घूमने वाले आवारा गाय और सांड आए दिन लोगों को घायल कर रहे हैं। दो महीने पूर्व अचलेश्वर मंदिर के पास एक वृद्ध को सांड ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक पकड़ते जानवर

नगर निगम द्वारा आवारा पशुओं को पकडऩे के लिए चार दल गठित किए गए हैं। प्रत्येक दल में चार लोग व एक वाहन चालक सहित पांच लोगों को रखा गया है। यह दल सुबह 6 से दोपहर 2 बजे तक और फिर 2 से रात 10 बजे तक हाईट्रोजन ट्रॉला (मवेशी ट्रॉला) के माध्यम से आवारा जानवरों को पकड़ रहा है। इन्हें पकडऩे के बाद नंदी को गोले के मंदिर गौशाला व गाय को लाल टिपारा गोशाला में छोड़तें हैं।
इन सड़कों पर आवारा जानवर अधिक बहोडापुर, हजीरा, किला गेट, थाटीपुर से नदी पाल टाल, मुरार बारादरी, पड़ाव, गोविंदपुरी चौराहा क्षेत्र, फूलबाग चौराहा, बाड़ा, किला गेट, तानसेन नगर, अलकापुरी क्षेत्र, मोतीमहल क्षेत्र, विनय नगर, बहोड़ापुर, सीपी काॅलोनी, गोले का मंदिर, दीनदयाल नगर, किला गेट, नाका चंद्रबदनी और चार शहर का नाका पर जानवरों के झुंड सुबह और शाम को नजर आते हैं।
नगर निगम सीमा की चारों विधानसभा के 66 वार्डों से प्रतिदिन गोवंश को पकडकऱ लाल टिपारा व गोले के मंदिर गोशाल में छोड़े जा रहे हैं। हालांकि लाल टिपारा गोशाला में 6200 गोवंश हैं और गोले के मंदिर गोशाला में दो हजार गोवंश मौजूद हैं। मदाखलत अमले द्वारा बीते आठ दिन में 189 नंदी को गोले के मंदिर और 359 गाय को लाल टिपारा गोशाला में छोड़ा गया है।
इस तरह रोक सकते हैं
-ग्रामीण क्षेत्र के गोवंश को शहर मेे नहीं आने दिया जाए।
-गोवंश का प्रजनन नहीं बढऩे दिया जाए।
-गोबर व गोमूत्र का क्रय किया जाए।
-गोवंश को छुड़वाने वाले से बॉन्ड भरवाया जाए।
-गोवंश को खुले में छोडऩे वाले पर सख्त कार्रवाई की जाए।
अभियान में तेजी लाई जाएगी

“शहर की सडक़ों पर गली-मोहल्ले में बैठने वाले आवारा जानवरों को पकड़ने के अभियान में और अधिक तेजी लाई जाएगी। लाल टिपारा गोशाला में एक ब्लॉक और तैयार किया जा रहा है वहां गोवंश को शिफ्ट किया जाएगा। वार्ड 58 सहित पूरे शहर से गोवंश को पकड़ा जा रहा है।”
किशोर कान्याल, आयुक्त नगर निगम

Home / Gwalior / सड़कों पर आवारा जानवरों की दहशत: सांड के महिला पर हमले के बाद पकड़े 59 गोवंश, निगम का दावा रोज चल रहा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो