scriptWeather Update- नौतपा 2022 में बारिश की संभावना के बीच नहीं होगी ज्यादा तपन, जानें कब से बढ़ेंगी प्री मानसून की गतिविधियां | Pre-Monsoon 2022 prediction for india know the weather forecast | Patrika News
ग्वालियर

Weather Update- नौतपा 2022 में बारिश की संभावना के बीच नहीं होगी ज्यादा तपन, जानें कब से बढ़ेंगी प्री मानसून की गतिविधियां

– अधिकतम तापमान 41.7 और न्यूनतम 28.2 डिग्री
– गर्मी हर दिखा रही नए रंग

ग्वालियरMay 24, 2022 / 07:13 pm

दीपेश तिवारी

pre_monsoon_2022_in_india.jpg

ग्वालियर । Gwalior

भीषण गर्मी के बीच इस बार नौ तपा में राहत की उम्मीद जगी है। पिछले कई वर्षों से देखने में आ रहा है कि नौ तपा में गर्मी का विकराल रूप देखने को मिलता है। लेकिन इस बार नौ तपा में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री के अंदर ही रहने की संभावना है।

जान लें इस बार इस नौतपा 25 मई से लगेंगे, जो कि 2 जून तक चलेंगे। वहीं इन 9 दिनों में बारिश से भी गर्मी का असर कुछ कम हो जाएगा। वैसे भी इस बार नौ तपा से पहले ही ज्यादा तपन हो चुकी है। तापमान भी अधिकतम 46.6 डिग्री को छू चुका है, लेकिन अब तापमान में धीरे- धीरे कमी आने लगी है।

वहीं मौसम के जानकारों का कहना है कि मध्य प्रदेश में इस बार मानसून के बादल 3 दिन देरी से आ सकते हैं। उनके अनुसार बुधवार, 18 मई को दक्षिणी पश्चिमी मानसून ने पूरे अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को कवर कर लिया और वह बहुत तेजी से आगे बढ़ा, जो अच्छी खबर है।

ऐसे में अनुमान है कि 29 मई से एक जून तक यह केरल पहुंच जाएगा और धीरे-धीरे सभी राज्यों में मानसून पहुंच जाएगा। खासतौर पर मध्य प्रदेश की बात करें, तो यहां 15 से 18 जून के आसपास पहुंचेगा।

मौसम विभाग से पूर्व में संबद्ध रहे रिटायर्ड अधिकारी एके शर्मा के अनुसार मध्यप्रदेश में 28 मई के बाद प्री मानसून की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी। इस बार मानसून भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभागों में ज्यादा मेहरबान रहेगा। जबलपुर और सागर संभाग में यह सामान्य रहेगा। भोपाल में 15, इंदौर-उज्जैन में 20 जून के बाद मानसून दस्तक देगा।

वहीं मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि नौ तपा के दौरान प्री मानसून वर्षा की संभावना बनी हुई है। जिसके कारण नौ तपा में तापमान में कमी रह सकी है। वह मुख्य कारण यह भी है कि पूर्वी पश्चिमी टर्फ लाइन ग्वालियर के आसपास से गुजरने की संभावना है।

वहीं एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास बना हुआ है। इससे तापमान में कुछ कमी आ रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 41.7 और न्यूनतम 28.2 डिग्री दर्ज किया गया है।

पिछले वर्षों में नौ तपा की स्थिति
2 जून 2016- 44.40
26 मई 2017- 45.70
27 मई 2018- 46.60
30 मई 2019- 47.20
27 मई 2020- 46.20
31 मई 2021- 41.60

बारह घंटे में ऐसे बदला पारा
सुबह- 5.30- 29.20
सुबह- 8.30- 33.40
सुबह- 11.30- 38.60
दोपहर- 2.30- 39.40
शाम – 5.30- 36.00

दिन रात का तापमान में आई कमी
रविवार को दिन और रात के तापमान में कमी आई है। सुबह से ही बादलों के साथ गर्मी का असर देखने को मिला। वहीं दोपहर में आए बदलाव के चलते शहर के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे हवाओं के साथ हल्की सी राहत मिली है। इसके चलते दिन का तापमान 1.2 डिग्री तक कम हो गया। जिससे तापमान 41.7 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं रात का तापमान भी .6 डिग्री तक कम हो गया।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो