राजस्थान सर्व ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में सुबह रीजनल कॉलेज परशुराम सर्कल पर दीप प्रज्ज्वलन और ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद हवन और मंगलाचरण किया गया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष बलराम शर्मा, विवेक पाराशर, पार्षद ज्ञान सारस्वत, कैलाशचंद शर्मा, सुनील शर्मा, लोकेश शर्मा, कुसुम मिश्रा, रश्मि शर्मा, नरेंद्र पाठक, दीनदयाल शर्मा आदि मौजूद रहे । विप्र फाउंडेशन युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ किया।
राजस्थान ब्राह्मण महासभा की ओर से बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। अजंता सिनेमा परशुराम मंदिर से शाम 4 बजे ढोल-धमाकों के बीच शोभायात्रा रवाना हुई। वाहनों पर कार्यकर्ता और महिलाएं केसरिया साफा और पताका लेकर जयकारे लगाते साथ चले। ऊंटाें और अश्वों के साथ काली माता का अखाड़ा साथ चला। भगवान परशुराम, शिव परिवार, हनुमानजी, राम दरबार, राधाकृष्ण, भगवान विष्णु सहित 15 झांकियां साथ चली। शोभायात्रा विभिन्न मार्गाें से होते हुए परशुराम सर्कल पहुंची। शोभायात्रा का व्यापारिक और सामाजिक संगठनों सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा से स्वागत किया।शोभायात्रा में गौड़ ब्राह्मण महासभा, सारस्वत ब्राह्मण महासभा, पारीक ब्राह्मण महासभा, गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महासभा, मैथिल ब्राह्मण, खंडेलवाल ब्राह्मण, पाराशर ब्राह्मण महासभा, विप्र सेना सहित अन्य घटक शामिल हुए।