ग्वालियर

राहुल गांधी के एमपी दौरे का परिणाम, आदिवासी नेताओं को खोना पड़ा पद और सम्मान !

-मितेंद्र दर्शन सिंह युवा कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष-मैं एक उदाहरण हूं कि किसान के बेटे को पार्टी ने जगह दी, नए व्यक्ति से नई ऊर्जा आती है: मितेन्द्र

ग्वालियरApr 10, 2024 / 08:14 am

Ashtha Awasthi

Lok Sabha Elections 2024: भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मंगलवार को मितेन्द्र दर्शन सिंह को मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। ग्वालियर-चंबल से पहली बार कोई युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बना हैं। सिंधिया परिवार के कांग्रेस में रहते यह पद ग्वालियर को कभी नहीं मिला था। स्व. माधवराव सिंधिया ने अपने समर्थक गोविंद राजपूत को यह पद दिलाया था। जबकि सिंधिया परिवार कांग्रेस में ओहदा रखता था, उससे यह पद पहले भी मिल सकता था। वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने विक्रांत भूरिया के इस्तीफे पर एक्स पर लिखा है कि राहुल गांधी के मध्य प्रदेश दौरे का परिणाम आदिवासी नेताओं को अपना पद खोना पड़ा और सम्मान।

दरअसल विक्रांत भूरिया युवा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी को पत्र लिखकर इस्तीफा सौंपा था। भूरिया का कहना था कि पिता कांतिलाल भूरिया रतलाम झाबुआ से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। इस कारण अपना अधिकतम समय लोकसभा क्षेत्र में देना पड़ रहा है। युवा कांग्रेस में अपनी भूमिका निभाने में असहज हूं। इसलिए पद से इस्तीफा दे रहा हूं। विक्रांत भूरिया के इस्तीफे के बाद मितेन्द्र दर्शन सिंह को युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान मितेन्द्र दर्शन सिंह ग्वालियर में अहम भूमिका रहे थे। न्याय यात्रा में युवाओं की काफी भीड़ रही थी। अग्निवीरों से राहुल गांधी का संवाद कराया था। मितेन्द्र दर्शन सिंह का कहना है कि संगठन को मजबूत करना है।

प्र. आज कांग्रेस को युवा छोडक़र जा रहा है, उन्हें अपने साथ कैसे जोडक़र रखेंगे

उत्तर- सबसे अच्छी बात है कि उम्मीद के साथ काम करना चाहिए। नया व्यक्ति आता है तो नई ऊर्जा भी आती है। मैं एक उदाहरण हूं। मैं किसान का बेटा हूं। मेरे पिता पार्टी में साधारण कार्यकर्ता थे। आज मुझे पार्टी ने अहम जिम्मेदारी दी है। नए युवा भी पार्टी के साथ जुड़ेंगे।

प्र. अब प्रदेश में युवा कांग्रेस की क्या भूमिका रहने वाली है

उत्तर- लोकसभा चुनाव में युवा मतदाताओं के घर-घर जाएंगे। कांग्रेस पार्टी हर व्यक्ति का सम्मान करती है। सबको एक माला में पिरोया है। कांग्रेस की गारंटी को लोगों तक पहुंचाना है।

प्र- पार्टी ने आपको प्रदेश की जिम्मेदारी दी है। इसे किस नजरिए से देखते हो।

उत्तर- 35 साल मेरे पिता ने कांग्रेस के लिए काम किया और सात साल से वह कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का नया संगठन खड़ा करेंगे। मैं सबके लिए उदाहरण बनूंगा।

प्र. कांग्रेस ने युवा कांग्रेस में बड़ा पद दिया है। कांग्रेसियों का मानना है कि कोई आगे बढ़ता है तो सिंधिया के विरोध का सामना करना पड़ता है

उत्तर- मैं कर्म में विश्वास रखता हूं। कर्म का फल देने का काम ईश्वर का होता है। इसलिए सिर्फ कर्म करना है।

Home / Gwalior / राहुल गांधी के एमपी दौरे का परिणाम, आदिवासी नेताओं को खोना पड़ा पद और सम्मान !

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.