scriptराहुल और कमलनाथ के बीच झूठ बोलने का कॉम्पटीशन चलता है- शिवराज सिंह | shivraj singh comment on kamalnatha and rahul gandhi | Patrika News
ग्वालियर

राहुल और कमलनाथ के बीच झूठ बोलने का कॉम्पटीशन चलता है- शिवराज सिंह

राहुल और कमलनाथ के बीच झूठ बोलने का कॉम्पटीशन चलता है- शिवराज सिंह

ग्वालियरApr 23, 2019 / 06:47 pm

Gaurav Sen

shivraj singh comment on kamalnatha and rahul gandhi

राहुल और कमलनाथ के बीच झूठ बोलने का कॉम्पटीशन चलता है- शिवराज सिंह

ग्वालियर. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि किसानों के कर्ज माफ करने के मामले में राहुल गांधी और मुख्यमंत्री कमलनाथ मे झूठ बोलने की स्पर्धा चल रही है। अभी तक किसी भी किसान का कर्ज माफ नहीं हुआ। कमलनाथ के पास किसानों के मोबाइल पर मैसेज आ रहे हैं, कमलनाथ कह रहे हैं कि आचार संहिता लगी है, अभी कर्जा माफ नहीं हो पाएगा। राहुल गांधी ने कहा था कि यदि किसी किसान का निर्धारित समय पर कर्ज माफ नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री बदल देंगे। राहुल के वादे अनुसार अभी तक प्रदेश में 12 मुख्यमंत्री बदल गए होते। वह सोमवार को मुरार रामलीला मैदान में भाजपा प्रत्याशी महापौर विवेक शेजवलकर के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

इससे पूर्व उन्होंने भिंड में भाजपा प्रत्याशी संध्या राय का नामांकन फॉर्म जमा कराया। वह ग्वालियर में भी भाजपा प्रत्याशी शेजवलकर का फॉर्म दाखिल कराने वाले थे, लेकिन देरी से आने से सभा के बाद सीधे मंडला रवाना हो गए। वह तीन बजे के बाद ग्वालियर आए, जबकि शेजवलकर दोपहर एक बजे ही पर्चा दाखिल कर आए।

सभा में पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि एक अधिकारी के चार-चार तबादले कर प्रदेश सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूब गई है। वैसे तो कांगे्रस खानदानी भ्रष्टाचारी है, कहीं टूजी स्पेक्ट्रम घोटाला, तो कहीं जीजाजी घोटाला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जमकर तारीफ की।

भांजे-भांजियों का पैसा खा रही सरकार : चौहान ने कहा कि हमने भांजे-भांजियों को पढ़ाने व गरीबों को तमाम योजनाओं में पैसा देना शुरू किया था, कांग्रेस ने वह बंद कर दिया। सरकार भांजे-भांजियों व गरीबों का पैसा खा रही है।

मोदी के 5 साल कांग्रेस के 60 साल पर भारी : पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिहं तोमर ने कहा कि मोदी के पांच साल कांग्रेस के 60 साल पर भारी हैं। सभा को पूर्व मंत्री मायासिंह ने भी संबोधित किया। पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि इस चुनाव पर विश्वभर की नजर लगी है, क्योंकि मोदी जीतते हैं तो आतंकवादियों के शिविरों में मातम मनेगा। मोदी की सरकार नहीं बनी तो पाकिस्तान में घर-घर दीवाली मनाई जाएगी। सभा में महापौर एवं भाजपा प्रत्याशी विवेक शेजवलकर, पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, रूस्तम सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा आदि उपस्थित थे।

रोड शो में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री तोमर
उधर उपनगर मुरार के रामलीला मैदान में हुई चुनावी सभा के बाद ग्वालियर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी विवेक शेजवलकर का रोड शो निकला, जिसमें केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिहं तोमर शामिल हुए। यह रोड शो रामलीला मैदान से चलता हुआ सदर बाजार मुरार तक पहुंचा। इस रोड शो के दौरान खुली जीप में विवेक शेजवलकर के अलावा केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर , पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया, भाजपा विधायक भारत सिंह कुशवाह, भाजपा नेता डॉ. सतीश सिंह सिकरवार सवार होकर हाथ जोड़ते हुए चल रहे थे।

रास्ते में दुकानदारों ने इस रोड शो का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस रोड शो और चुनावी सभा से पूर्व शेजवलकर ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया आदि की छत्री और प्रतिमा पर जाकर पुष्प अर्पित किए। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व मंत्री मायासिंह के साथ कलेक्टर जाकर विवेक ने एक और नामांकन पत्र दाखिल किया।

Home / Gwalior / राहुल और कमलनाथ के बीच झूठ बोलने का कॉम्पटीशन चलता है- शिवराज सिंह

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो