ग्वालियर

guns बंदूकों का चलन : ममेरी बहन की शादी में भाई को लगी दो गोलियां

शादियों में बंदूकों का चलन जानलेवा साबित हो रहा

ग्वालियरFeb 20, 2024 / 01:49 am

Puneet Shriwastav

Firearms

शादियों में बंदूकों का चलन जानलेवा साबित हो रहा है। हालांकि प्रशासन कई साल से फरमान दोहरा रहा है जश्न में बंदूक नहीं चलेगी। लेकिन न कोई फरमान सुनता है , न बंदूकों की हनक दिखाने वालों पर लगाम कसी है। रात 1:30 बजे मास्टर मैरिज गार्डन (बडागांव) मुरार में ममेरी बहन की शादी में शामिल होने आए युवक को दो गोलियां लग गईं। गोली किसने चलाई शादी में शामिल लोगों और घायल ने किसी का नाम नहीं बताया है। पुलिस की नजर में शादी में हर्ष फायरिंग हुई है। गोलियां पिस्टल से चली हंै। हवा में तैरकर नीचे खड़े युवक के कंधे के पास धंसी है। किस्मत से घाव गहरे नहीं हुए इसलिए गंभीर बात टल गई।
निबुआपुरा मुरार निवासी सचिन 20 पुत्र भूरे राणा को गोली लग गई। रविवार को फक्कड बाबा मंदिर के पास मास्टर मैरिज गार्डन से सचिन की ममेरी बहन की शादी थी। इसमें सचिन और रिश्तेदार शामिल हुए थे। रात को बारात आने के बाद घर के लोग भोजन करने जा रहे थे। सचिन भी ताऊ कोमल सिंह के साथ खाने के लिए ग्राउंड में पहुंचा, तब उसे कंधे के पास जलन हुई, हाथ से टटोल कर देखा तो उंगलियों पर खून लग गया।
पुलिस की थ्योरी
सचिन के कंधे के पास दो जगह गोली धंसने का निशान है। गोली संभवत: पिस्टल से चली है। आशंका है फायरिंग करने वाला मैदान या स्टेज के पास रहा है। उसने हथियार की नाल हवा में कर फायर किए हैं। गोली पहले आसमान की तरफ गई, फिर नीचे गिरी है। काफी ऊंचाई तक जाने से उसका वेग तो कम हो गया, लेकिन गोली गर्म रही है। नीचे आकर सचिन के कंधे में धंसी।
सीसीटीवी में नहीं दिखा हथियार

मुरार टीआई मदन मोहन मालवीय ने बताया मैरिज गार्डन में सीसीटीवी लगे हैं। उन्हें चैक किया है। शादी में शामिल लोगों के पास बडा हथियार नहीं दिखा है। आशका है फायरिंग करने वाले के पास पिस्टल या रिवाल्वर रही है। कैमरा दूर होने की वजह से छोटा हथियार उसमें रिकार्ड नहीं हुआ है। घायल की हालत में सुधार है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है। फायरिंग करने वाले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.