
भटनेर की बेटियों ने लगातार चौथी बार जीती राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप,भटनेर की बेटियों ने लगातार चौथी बार जीती राज्य स्तरीय चैम्पियनशिप
हनुमानगढ़. राज्य स्तरीय सीनियर महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता में जिले को लगातार चौथी बार चैम्पियन बनाने वाली खिलाडिय़ों ने शुक्रवार को जिला कलक्टर जाकिर हुसैन एवं एसपी प्रीति जैन से मुलाकात की। कलक्टर ने टीम के कोच बसंतसिंह मान और टीम खिलाडिय़ों से कहा कि जिले की बेटियां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान बढ़ा रही हैं, यह बहुत गर्व की बात है। इंदिरा प्रियदर्शिनी, गार्गी और बालिका प्रोत्साहन पुरस्कार हासिल करने में भी जिले की बालिकाओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है। इस तरह हनुमानगढ़ की बेटियां शिक्षा एवं खेल दोनों ही क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। इस अवसर पर एडीएम अशोक असीजा, डीटीओ जगदीश अमरावत एवं पीआरओ सुरेश बिश्नोई भी मौजूद रहे। इसके बाद विजेता टीम ने एसपी प्रीति जैन से मुलाकात की। एसपी ने टीम का उत्साह बढ़ाते हुए जल्द ही सिलवाला खुर्द आकर उनका मैच देखने का वादा किया।
कोच बसंतसिंह मान ने बताया कि 65वीं राज्य स्तरीय यह प्रतियोगिता उदयपुर में 13 से 16 फरवरी तक हुई थी। फाइनल मैच में हनुमानगढ़ ने जयपुर को 3-0 से शिकस्त दी। जबकि जयपुर की टीम में तीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी खेल रही थी। जिले की टीम में मनिता भांभू, सुमन भांभू, अनिता, सुमन गिला, अल्पना, लवप्रीत, मनीषा, कविता, रेणुका आदि शामिल रही। गौरतलब है कि हनुमानगढ़ की महिला वॉलीबाल टीम में सभी खिलाड़ी टिब्बी की ग्राम पंचायत सिलवाला खुर्द की हंै। पिछले साढ़े पांच साल से बसंत सिंह सिलवाला खुर्द में वॉलीबाल की नि:शुल्क ट्रेनिंग दे रहे हैं। इसी का परिणाम है कि जिले की टीम पिछले चार साल से स्टेट चैंपियन बन रही है।
कोच देंगे प्रशिक्षण
संगरिया. क्षेत्र के क्रिकेट खिलाडिय़ों को अब उच्च स्तरीय एवं प्रशिक्षित कोच क्रिकेट के गुर सिखाएंगे। ब्लू बेल्स एकेडमी के डायरेक्टर संजय आर्य ने बताया कि तोमर स्र्पोटस क्लब व एकेडमी दिल्ली के अनुबंध के दौरान ब्लू बेल्स एकेडमी को तोमर-ब्लू बेल्स एकेडमी के नाम से पहचाना जाएगा। दोनों संस्थान सहभागिता में काम करेंगे। तोमर स्पोट्र्स क्लब एंड एकेडमी की ओर से संगरिया की एकेडमी को नियमित एवं सतत रूप से प्रशिक्षित और उच्च स्तरीय कोच उपलब्ध करवाएगी। आर्य ने बताया कि इस अनुबंध के तहत खिलाडिय़ों को संगरिया एवं दिल्ली में मैच के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी। कोच आशीष आनंद यहां पर एकेडमी में नियमित अभ्यास शुरू करवाएंगे। तोमर स्पोट्र्स क्लब एंड एकेडमी के डायरेक्टर सेजल तोमर तथा राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व संयुक्त सचिव नवेंदू त्यागी ने तकनीकी दल के साथ संगरिया में एकेडमी में व्यवस्था का जायजा लिया।(नसं.)
तीन बीएचएम ने जीता उद्घाटन मैच
जाखड़ांवाली. धान मंडी यार्ड के खेल मैदान में शुरू हुए क्रिकेट के महाकुंभ का उद्घाटन सरपंच ताराचन्द शर्मा व भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुशील गोदारा ने बॉल खेलकर किया। प्रवक्ता प्रदीप योगी ने बताया कि उद्घाटन मैच जाखड़ांवाली बस स्टैन्ड क्लब व ३ बीएचएम के मध्य हुआ। जिसमें बस स्टैण्ड क्लब ने पहले खेलते हुए निर्धारित ६ ओवरों में ६८ रनों का लक्ष्य रखा। जिसे ३ बीएचएम टीम ने लक्ष्य हासिल कर लिया। दस दिवसीय प्रतियोगिता में करीब १२८ टीमें भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि फाईनल में विजेता व उपविजेता टीमों को नकद राशि व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। उद्घाटन अवसर पर पीएचसी प्रभारी गौरीशंकर छींपा उपसरपंच श्रीराम मायल, महावीर महला, कालुराम बगड़ीया, बलवन्त राहड़, दलीप नाई, लीलाधर नाथ, श्योकरण गोदारा आदि मौजूद हुए।
रनर का किया स्वागत
संगरिया. स्थानीय स्वयंसेवी शिक्षण संस्था संघ द्वारा अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा मैराथन रनर अतुल चौकसे के यहां पहुंचने पर रतनपुरा चौराहे पर अभिनंदन किया गया। अतुल के पास दो पहिये की ट्रॉली है, उस पर तिरंगा लगा हुआ है। उसमें अपना बिस्तर व जरूरत सामान लेकर साथ चल रहे हैं। रुढिवादिता सोच एवं भावुकता के चलते गलत कदम उठाने वाले लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 31 दिसम्बर को गुजरात के कच्छ से चल कर पंजाब के बठिंडा तक लगभग अपना 1500 किलोमीटर का सफर पैदल दौड़कर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच से ही जीवन में अच्छे दिन लाए जा सकते हैं। सचिव श्याम मिढ़ा ने अतुल को संगरिया की भोगौलिक स्थिति के बारे में व शिक्षासंत स्वामी केशवानंद के जीवन परिचय से अवगत करवाया। इस अवसर पर संघ अध्यक्ष हरचरण किंगरा, पुरुषोतम मिढ़ा, अयोध्या प्रसाद वर्मा, भारत भूषण गर्ग, प्रवेश स्वामी, पारस मिढ़ा आदि उपस्थित रहे।(नसं.)
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
19 Feb 2021, 11:18 PM IST
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़




