scriptनकली कीटनाशक बनाकर बेचने के आरोपियों की दो माह बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी | Accused of selling fake pesticide was not arrested | Patrika News
हरदा

नकली कीटनाशक बनाकर बेचने के आरोपियों की दो माह बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी

कृषि मंत्री तक पहुंचा मामलाकिसानों ने कहा – नकली कीटनाशक के छिड़काव से खराब हुई सोयाबीन फसल

हरदाSep 20, 2020 / 08:56 pm

gurudatt rajvaidya

नकली कीटनाशक बनाकर बेचने के आरोपियों की दो माह बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी

कृषि मंंत्री से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते किसान

खिरकिया. प्राकृतिक आपदा सेे किसान पहले से परेशान है। अब फसल बीमा भी उम्मीद के माफिक नहीं मिला। इसके अलावा नकली कीटनाशकों का बाजार में आना किसानों की परेशानी का एक अलग से कारण बना हुआ है। नकली कीटनाशक बनाकर किसानों के साथ धोखाधड़ी करने का मामला करीब दो माह पूर्व उजागर हुआ था। जिला मुख्यालय पर बड़ी मात्रा में नकली कीटनाशक बनाने की सामग्री एक फर्म में मिली थी। कृषि विभाग एवं पुलिस द्वारा कार्रवाई तो की गई, लेकिन अभी तक नकली दवाईयों का अवैध व्यापार करने वालो को पकड़ा नहीं जा सका है। अब एक बार फिर किसानों ने मामला उठाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि आगे कोई किसानों के साथ धोखाधड़ी न कर सके। मामले को लेकर किसानों ने कृषि मंत्री कमल पटेल से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की है। भारतीय किसान मोर्चा के नेतृत्व में किसानों ने बारंगा पहुंचकर मंत्री पटेल से कहा कि जिला मुख्यालय पर लंबे समय से बगैर रिकार्ड की कीटनाशक व खाद बिक्री का मामला सामने आया था। नकली कीटनाशक बनाने व बेचने का मामला उजागर होने के दो महीने बाद भी अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मिली थी कीटनाशक की खाली बोतल, लेबल और पाउच
विगत 28 जुलाई को सहायक संचालक सह उप परियोजना संचालक आत्मा किसान कल्याण एवं कृषि विभाग द्वारा बायपास मार्ग हरदा के पास सांची वाणी एग्रो केमिकल्स पर कार्रवाई कर नकली दवाईयां बनाया जाना पाया गया था। फर्म से नियमों के विरूद्ध कीटनाशक व खाद के खाली पाउच, लेबल व बोतल मिली थी। यहां ना ही कोई स्टॉक रजिस्टर व बिल बुक मेंटेंन पाया गया था। बिना लायसेंस के नकली कीटनाशक दवाई बनाना पाया था। कार्रवाई के पश्चात सिविल थाने में मामला भी दर्ज किया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
आरोपियों की नहीं हो सकी गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने आरोपी अरविंद भंवरे व मुकेश भंवरे पर 31 जुलाई को 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं 29 कीटनाशक अधिनियम व धारा 34 भादंवि के तहत मामला पंजीबद्ध किया था। लगभग 2 माह बीतने पर भी पुलिस दोनों आरोपियों की गिरफ्तार नहीं कर पाई। जबकि आरोपियों को अग्रिम जमानत भी कोर्ट ने नहीं दी है। पुलिस अधीक्षक द्वारा दोनों आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद आज तक गिरफ्तार नहीं किया गया।
मंत्री से कहा- आरोपियों की गिरफ्तारी के दिए जाए निर्देश
किसानों ने आरोप लगाया है कि सिविल लाइन थाना द्वारा आरोपियों को संरक्षण प्रदान किया जा रहा है, जबकि ऐसे जनहित मामले जिसमे कई किसानो के हित निहित हो, इन पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। नकली दवाईयों के आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। दोनों आरोपियों पर किसानों के साथ धोखा करने पर भादंवि धारा ४२० बढ़ाई जाए। इस दौरान किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रामेश्वर रिणवा, जिला महामंत्री ओमप्रकाश चौहान, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष रामविलास गुर्जर, उपाध्यक्ष नारायण विश्नोई, बद्रीप्रसाद विश्नोई, नारायण बोस सहित अन्य मौजूद थे।
इनका कहना
मामले को लेकर डीडीए को निर्देशित किया है। पुलिस अधीक्षक को निर्देशित कर शीघ्र संबंधितों पर कार्रवाई कराई जाएगी।
कमल पटेल, कृषि मंत्री, मप्र शासन

Home / Harda / नकली कीटनाशक बनाकर बेचने के आरोपियों की दो माह बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो