scriptशिवराज की चेतावनी- मेरी योजना बंद की तो कांग्रेस से मैदान में होंगे दो-दो हाथ | Former Chief Minister Shivraj Singh Chauhan welcomes welcome | Patrika News
हरदा

शिवराज की चेतावनी- मेरी योजना बंद की तो कांग्रेस से मैदान में होंगे दो-दो हाथ

हम लडऩे में चैंपियन, मांगने से नहीं मिलेगा तो लड़कर ले लेंगे: पूर्व मुख्यमंत्री

हरदाDec 21, 2018 / 11:18 pm

sanjeev dubey

xcm shivraj singh

शिवराज की चेतावनी- मेरी योजना बंद की तो कांग्रेस से मैदान में होंगे दो-दो हाथ

हरदा. मेरे शासनकाल में जितनी जनहितैशी योजनाएं शुरू हुई हैं उनके लिए बजट में प्रावधान भी किया है। कांग्रेस सरकार ने अगर इन्हें बंद किया तो मैदान में मुकाबला होगा। विकास के कार्य नहीं किए तो लड़कर कराएंगे। यह बातें पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष कोमल पटेल के सरकारी निवास पर आयोजित स्वागत समारोह में कही। इस दौरान उन्होंने कहा कि सत्ता जाने से भाजपा कार्यकर्ता निराश न हों। यह मत सोचना अब हम क्या करेंगे। जनता के विकास और कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हम लड़ाई लडऩे के चैंपियन हैं। जो मांगने से नहीं मिलेगा उसे लड़कर लेंगे। करीब दस मिनट के संबोधन में उन्होंने कांग्रेस की कर्जमाफी की घोषणा पर तंज कसते हुए कहा कि पहले सभी किसानों का 2 लाख रुपए तक का ऋण माफ करने की घोषणा की गई। अब इसकी मियाद तय कर दी। जो किसान कर्ज जमा कर चुके उनके बारे में नहीं सोचा। सभी का कर्जा माफ करना होगा। स्कूल कॉलेज में पढऩे वाले बच्चों की फीस चुकाना होगा। यह सब नहीं हुआ तो भाजपा जनहित में सड़क पर उतरेगी। पूर्व सीएम के उद्बोधन के पहले विधायक कमल पटेल ने पूर्व सीएम चौहान व भाजपा के संगठन महामंत्री सुहास भगत का साफा पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर चौहान का तुलादान भी किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अमर सिंह मीणा, नपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन, अनिल पटेल, देवीसिंह सांखला आदि मौजूद थे।
हारने के बाद भी हीरो की तरह स्वागत हो रहा
इस दौरान चौहान ने कहा कि वे हरदा आने के लिए भोपाल से सुबह निकले। यहां आने तक शाम हो गई। चुनाव में भाजपा के हारने के बाद भी उनका हीरो की तरह स्वागत हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोग पूछते हैं अब क्या करेंगे, मैं कहता हूं मप्र की जनता की सेवा करूंगा। यहीं जीउंगा और यहीं मरूंगा।
एनएच पर कई जगह लगा जाम
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आगमन के दौरान इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह टै्रफिक जाम की स्थिति रही। पुलिस ने भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी। चौहान के जाने के देर तक वाहन रेंगते हुए निकले। ज्ञात हो कि होशंगाबाद में नर्मदा पुल से भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने से एनएच पर टै्रफिक का दबाव बढ़ गया है। शहरी क्षेत्र में दिनभर जाम लगता है। वीआईपी के आने पर स्थिति और बिगड़ जाती है।
शिवराजसिंह चौहान ने मकड़ाई की राजमाता को दी श्रद्धांजलि
सिराली. मकड़ाई रियासत के राजा अजय शाह, पूर्व मंत्री विजय शाह, विधायक संजय शाह की माताजी सीतारानी शाह का गत दिनों निधन हो गया था। शुक्रवार को पूर्वमुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान शाम 7 बजे खूदिया पहुंचे। उन्होंने राजमाता को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत, विधायक कमल पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष जगदीश सिंह सोलंकी, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेन्द्र जैन, अमर सिंह मीणा, संदीप पटेल, राजेश गोदारा, नितिन गुप्ता, अनिल पटेल, सुनील दुबे, सुभाष शर्मा उपस्थित थे।यह जानकारी वेदप्रकाश शर्मा मीडिया प्रभारी भाजपा मंडल ने दी।

Home / Harda / शिवराज की चेतावनी- मेरी योजना बंद की तो कांग्रेस से मैदान में होंगे दो-दो हाथ

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो