हरदा

RBI के नाम पर लगाया 10 लाख का चूना, अब दिल्ली से हुई गिरफ्तारी

दस लाख की ऑनलाइन ठगी करने वाले गैंग में शामिल दो नाइजीरियन युवक पकड़ाए, पुलिस ने 15 दिन की मशक्कत के बाद दिल्ली से किया गिरफ्तार।

हरदाJul 19, 2020 / 09:57 pm

Shailendra Sharma

हरदा. rbi के नाम से फर्जी वेबसाइट बनाकर 10 लाख रुपए की ठगी करने वाले दो नाइजीरियन युवकों को पुलिस ने दिल्ली के हौजखास से गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय गैंग में शामिल इन आरोपियों ने जिले के कड़ौला उबारी निवासी एक युवक से अलग-अलग बैंक खातों में 10 लाख रुपए ठग लिए थे। जिसकी शिकायत के बाद पुलिस ने इन्हें 15 दिन की मशक्कत के बाद दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

चैटिंग से झांसे में लेकर लगाया चूना
एसपी मनीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि डेटिंग डॉट कॉम साइट पर फरियादी आनंद जाट की पहचान सुनीता विलियम्स नामक महिला से हुई थी। आनंद और उक्त महिला के बीच चैटिंग हुई। खुद को यूके में रहने का बताकर महिला ने आनंद से कहा कि वह इंडिया आई है। पैसे न होने से एयरपोर्ट पर फंसी है। इस बीच उसने अपनी ओर से कई फेक मैसेज भी किए। उसने रुपए ट्रांसफर कराने के लिए आरबीआई (रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया) का लिंक रजिस्टर्ड करने को कहा। तभी से अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर किए गए। आरोपी सिजीओके प्रोमाइस (२८) निवासी राजपुर खुर्द दिल्ली तथा उचेन्ना एमेन्युअल (४५) निवासी मैदान गरही नई दिल्ली को बैंक फुटेज व पासपोर्ट से पहचान करने के बाद गिरफ्तार किया गया। उनके पास 35 हजार रुपए नकद प्राप्त हुए हैं।

 

15 दिन दिल्ली में रही पुलिस टीम
सिविल लाइन थाना में ठगी का ये मामला 30 मई को दर्ज हुआ था। लॉकडाउन की वजह से इस दौरान पुलिस की साइबर सेल केवल बैंकों में रुपए ट्रांसफर होने, चैटिंग आदि बिंदुओं पर ही जांच करते रही। अनलॉक होने के बाद हंडिया थाना प्रभारी सीएस सरियाम के नेतृत्व में एसआई तरुण सिंह चौहान, एएसआई मनोज दुबे, आरक्षक तुषार धनगर, शैलेंद्र सिंह परमार एवं सजन सिंह ठाकुर दिल्ली रवाना हुए। वहीं सायबर सेल के आरक्षक प्रमोद, कमलेश, मनोज एवं मयंक की टीम से उन्होंने गैंग की गतिविधियों पर नजर रखी। पंद्रह दिन दिल्ली में डेरा जमाने के बाद पुलिस ने दोनों नाइजीरियन युवकों को दबोचा।

Home / Harda / RBI के नाम पर लगाया 10 लाख का चूना, अब दिल्ली से हुई गिरफ्तारी

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.