हाथरस. हाथरस गैंगरेप व हत्या मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बडी़ कार्रवाई की है। प्राथमिक जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी, डीएसपी, इंस्पेक्टर समेत कई पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। विनीत जायसवाल को हाथरस का एसपी बनाया गया है। वह पहले शामली के एसपी थे। मामले में हाथरस प्रशासन पर लगातार सवाल खड़े किए जा रहे थे। मामले में जिस तरह का पुलिस का रवैया रहा है उससे लोगों में आक्रोश हैं। गुरुवार को ही डीएम प्रवीण कुमार का पीड़ित परिवार को धमकाने का वीडियो भी वायरल हुआ था, हालांकि उनके निलंबन पर सस्पेंस बरकरार है। वहीं शुक्रवार शाम को एसपी विक्रम वीर, डीएसपी राम शब्द, इंस्पेक्टर दिनेश कुमार वर्मा, उप निरीक्षक जगवीर सिंह तथा हेड मुर्रा महेश पाल को सस्पेंड कर दिया गया है।