scriptजितना वेतन ले रहे उतनी वसूली तक नहीं कर पाए कर्मचारी | Employees were not able to recover as much salary as they were getting | Patrika News
होशंगाबाद

जितना वेतन ले रहे उतनी वसूली तक नहीं कर पाए कर्मचारी

पर्याप्त वसूली नहीं होने से नपा की आर्थिक स्थिति हो रही खराब, समय पर नहीं हो पा रहे भुगतान

होशंगाबादFeb 14, 2020 / 01:05 pm

rajendra parihar

होशंगाबाद. नगर पालिका में संपत्ति कर और जलकर की राशि वसूलने के लिए 25 सहायक राजस्व निरीक्षक नियुक्त किए गए हैं। इन राजस्व निरीक्षकों ने अपै्रल 2019 से 10 फरवरी 2020 तक जो वसूली की है वह उनके सालाना वेतन के भी बराबर नहीं हैं। अमले तक विगत 10 माह में कुल 85 लाख 77 हजार 962 रुपए की वसूली की है जबकि नपा में सभी अधिकारी व कर्मचारियों का कुल वेतन लगभग देढ़ करोड़ रुपए है। वसूली नहीं होने से नपा की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। यही कारण है कि सभी तरह के भुगतान में नपा को देरी हो रही है।
बकायादारों का नाम उजागर नहीं कर रही नपा
नगर पालिका संपत्तिकर और जलकर की बकाया राशि वसूलने में नाकाम साबित हो रही है। वहीं नपा न तो कुल बकाया राशि के बारे में जानकारी दे रही है और न ही बकायादारों के नाम उजागर कर रही है। सूत्रों की माने तो बकायादारों की सूची में शहर के प्रतिष्ठित और सफेदपोश लोग भी शामिल हैं। यही कारण है कि अधिकारी सूची को सार्वजनिक करने से कतरा रहे हैं। जब तक नपा सूची को सार्वजनिक नहीं करेंगी तब तक वसूली की स्थिति सुधरने की कोई उम्मीद नहीं है।
सबसे कम वसूली
कर्मचारी का नाम- अब तक की वसूली
दुर्गेश सोनिया- 00 रुपए
गोपाल विश्वास- 780 रुपए
मनोहर केवट- 43 हजार 396 रुपए
योगेश परसाई- 50 हजार 633 रुपए
केके दुबे- 58 हजार 587 रुपए
इनकी वसूली रही बेहतर
कर्मचारी का नाम- अब तक की वसूली
शैलेन्द्र साहू – 8 लाख 85 हजार 33 रुपए
मोहनलाल प्रजापति – 5 लाख 79 हजार 796 रुपए
सुनील अवस्थी – 5 लाख 43 हजार 640 रुपए
लक्ष्मीनारायण मांझी – 4 लाख 27 हजार 170 रुपए
उपदेश गौर – 3 लाख 99 हजार 768 रुपए
इनका कहना है
अभी तक वसूली की स्थिति कम है। राजस्व वसूली पर्याप्त होने से भुगतान भी होता है। अब जैसे-जैसे वसूली होती है उसकी के हिसाब से भुगतान किया जा रहा है।
पीके सिंह, सीएमओ
———————–

Home / Hoshangabad / जितना वेतन ले रहे उतनी वसूली तक नहीं कर पाए कर्मचारी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो