scriptजीत का जश्न, भाजपा समर्थकों में उत्साह, मुंह मीठा कराया, उड़ाई गुलाल, शुरुआती रूझान भाजपा के पक्ष में आने के साथ ही कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल | Patrika News
हुबली

जीत का जश्न, भाजपा समर्थकों में उत्साह, मुंह मीठा कराया, उड़ाई गुलाल, शुरुआती रूझान भाजपा के पक्ष में आने के साथ ही कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल

देश में भाजपा की जीत पर समर्थकों में खुशी की लहर दिखाई दी। कर्नाटक के धारवाड़ समेत अन्य शहरों में भाजपा समर्थकों की खुशी का ठिकाना न था। भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाजपा की जीत की खुशी में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। गुलाल उड़ाकर खुशी जताई।

हुबलीJun 05, 2024 / 05:55 pm

ASHOK SINGH RAJPUROHIT

result

result

लोकसभा चुनाव का परिणाम मंगलवार को जारी किया गया। इस दौरान सुबह से ही जैसे-जैसे भाजपा प्रत्याशी शुरुआती दौर में बढ़त लेते गए और आंकड़ा बढ़ता रहा तो भाजपा समर्थकों में खुशी दौड़ गई। धारवाड़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रल्हाद जोशी शुरुआत से ही बढ़त लेते रहे। इस दौरान धारवाड़ के कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय परिसर के बाहर समर्थकों में खुशी की लहर देखी गई। समर्थकों ने मिठाई खिलाई। एक-दूसरे पर गुलाल उड़ाया और पटाखे छोड़े।
बारिश ने उत्साह को दुगुना किया
बारिश की रिमझिम फुहारों ने उत्साह को दुगुना कर दिया। मंगलवार सुबह से ही मौसम सुहाना रहा। दोपहर में कई बार हल्की बारिश भी हुई तो कई बार फुहारों से मौसम अच्छा बना रहा। धारवाड़ में मतगणना केन्द्र के बाहर सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जमा होने लगी थी। दोपहर होते-होते बड़ी संख्या में समर्थक वहां पहुंच गए। भाजपा प्रत्याशी प्रल्हाद जोशी भी वहां पहुंचे। भाजपा विधायक अरविन्द बेलड़, महेश टेंगिनकाई समेत कई पार्षद भी मतगणना केन्द्र पर आए। मतगणना केन्द्र के बाहर भी प्रोजेक्टर की मदद से नतीजे देखने की व्यवस्था की गई थी। जैसे ही रुझान भाजपा के पक्ष में आने शुरू हुए भाजपा समर्थक खुशी से झूम उठे। समर्थकों ने एक दूसरे पर फूल बरसाकर खुशी का इजहार किया। रंग-गुलाल लगाए गए। पहले से ऑर्डर दिए गए धारवाड़ के प्रसिद्ध पेड़े मंगाए और सबके मुंह मीठे कराए गए।
महिला मोर्चा ने जताई खुशी
महिला मोर्चा ने भी गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार किया। महिलाओं ने कहा कि यह जीत ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के मतदाताओं ने भाजपा में फिर से विश्वास जताया है। हुब्बल्ली-धारवाड़ नगर निगम के पार्षद शिवानन्द ने कहा, देश के मतदाता ने मोदी पर एक बार फिर से विश्वास जताया है। मोदी अब फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे और देश को विकसित देश बनाने की दिशा में काम करेंगे। मोदी के कामकाज व संगठन के कठिन परिश्रम से जीत मिली है। हर कार्यकर्ता जीत का जश्न मना रहा है।
मोदी पर किया विश्वास
भाजपा जिला इकाई ने भी जश्न मनाया। पार्टी कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को बधाई दी। इस दौरान मुंह मीठा कराया गया। पटाखे भी फोड़े गए। भाजपा कार्यकर्ता विनोद पटवा ने कहा, मोदी के प्रति लोगों ने अटूट विश्वास जताया है। देश ने भाजपा की नीतियों में विश्वास किया है। लोगों का मानना है कि भाजपा ही देश को सही दिशा दे सकती है। मोदी के नेतृत्व में देश फिर से सोने की चिडिय़ा बनेगा। यह सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। अगले पांच वर्ष सुशासन के नाम रहेगा। मोदी की ईमानदारी, कर्मठता और सुशासन को जनता ने पसंद किया है। इसी का नतीजा है कि कोई पार्टी लगातार सत्ता में आ रही है।

Hindi News/ Hubli / जीत का जश्न, भाजपा समर्थकों में उत्साह, मुंह मीठा कराया, उड़ाई गुलाल, शुरुआती रूझान भाजपा के पक्ष में आने के साथ ही कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल

ट्रेंडिंग वीडियो