scriptभाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, विधायक ने की डीआइजी से शिकायत | BJP-Congress workers clash, MLA complains to DIG | Patrika News
इंदौर

भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, विधायक ने की डीआइजी से शिकायत

– विधायक ने की डीआइजी से शिकायत, पार्टी कार्यालय जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को घर में घुस कर पीटा

इंदौरNov 14, 2018 / 08:11 pm

राजेश डोंगरे

mp election news

भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, विधायक ने की डीआइजी से शिकायत

चंदन नगर थाना क्षेत्र की घटना

इंदौर. चंदननगर क्षेत्र के गंगा नगर में बुधवार सुबह भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़ गए। विवाद देखते-देखते मारपीट में तब्दील हो गया। भाजपा कार्यकर्ता खुद को बचाते हुए एक घर में घुसे, तो आरोपियों ने उन्हें घर में घुसकर पीटा। गुस्साए कार्यकर्ता हमले के विरोध में थाने का घेराव करने पहुंचे। इसके बाद विधायक सुदर्शन गुप्ता अपने समर्थकों के साथ डीआइजी को ज्ञापन देने पहुंचे। उनका आरोप है, हमलावर कांग्रेस से जुड़े है। उनमें से कई के अपराधिक रिकार्ड भी है।
टीआइ राहुल शर्मा ने बताया, फरियादी अनिल पिता मूलचंद खाटवा निवासी गंगा नगर की शिकायत पर आरोपी योगेंद्र मोर्य, अरविंद चौहान, राजा धीमान, गोलू पंडित, रोजन तावड़ा सभी निवासी गंगा नगर के खिलाफ घर में घुस कर मारपीट, बलवे, जान से मारने की धमकी देने के मामले में केस दर्ज किया है। पेशे से व्यापारी खाटवा ने बताया, सुबह वे भाजपा कार्यकर्ता राजेश चौहान, बनेसिंह ठाकुर, अशोक उपाध्याय, पवन सोलंकी के साथ नसिीया धर्मशाला स्थित विधानसभा १ के पार्टी कार्यालय जाने लगे। तभी गंगा नगर गली नंबर ९ पर कांग्रेस से जुडे़ आरोपियों ने उनका रास्ता रोका और अपशब्द कहने लगे। हम सभी पास ही स्थित मंगलेश कुमावत के घर घुस गए। इसके बाद सभी आरोपियों ने घर में घुसकर लात-घूंसे से मारपीट की। आरोपी रोहन ने पत्थर व अन्य ने ईंट से हमला किया, सिर में चोट लगने से वे घायल हो गए। बीच-बचाव के लिए सुभाष पटेल, विजय बिलवारे, सचिन राठौर, मनोज जायसवाल पहुंचे तो सभी आरोपी वहां से जाने लगे और आइंदा मोहल्ले से गुजरने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस को पता लगा है कि झंडे लगाने के बाद कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता के बीच विवाद हुआ। हालांकि कोई भी इस बात को आधिकारिक रूप से नहीं कह रहा। पुलिस ने योगेंद्र का रिकार्ड निकाला है। उस पर पूर्व में मारपीट के संबंध में दो अपराध दर्ज हो चुके हैं।
थाने का घेराव
घटना के बाद गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने देर तक चंदन नगर थाने का घेराव किया। विरोध बढऩे पर पुलिस ने तत्काल फरार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। घायल कार्यकर्ता के समर्थन में विधायक सुदर्शन गुप्ता बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ डीआइजी के पास पहुंचे। उनका आरोप है कि कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला से जुड़े बदमाश क्षेत्र में चुनावी माहौल खराब कर रहे हैं। अभियान के आड़ में क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर जाम लगा रहे हैं, जिससे आम जनता को परेशानी हो रही है। शुक्ला से जुड़े कार्यकर्ताओं में लिस्टेड बदमाश योगेंद्र भी मौर्य है। उसने अपने साथियों के साथ एक जुट होकर भाजपा कार्यकर्ता पर हमला किया है। गुप्ता ने डीआइजी से मांग की है कि क्षेत्र अति संवेदनशील है इसलिए समय पर फ्लैग मार्च किया जाए। डीआइजी हरिनारयणाचारी मिश्र ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।

Home / Indore / भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, विधायक ने की डीआइजी से शिकायत

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो