scriptप्रदेश कांग्रेस सरकार की विफलता जनता के बीच रखेगी भाजपा | BJP will present the failure of the state Congress government | Patrika News
इंदौर

प्रदेश कांग्रेस सरकार की विफलता जनता के बीच रखेगी भाजपा

वचनों को कागजों पर ही पूरा कर बता रही अपनी उपलब्धि, कमल नाथ सरकार के छह माह पूरे होने पर भाजपा ने खोला मोर्चा

इंदौरJun 18, 2019 / 11:01 am

Uttam Rathore

bjp-Congress

प्रदेश कांग्रेस सरकार की विफलता जनता के बीच रखेगी भाजपा

इंदौर. मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार के 6 माह पूर्ण होने पर प्रदेश का कैसा बुरा हाल हुआ है यह सभी के सामने है। यह सरकार पूरी तरह विफल व नाकाम हो रही है। सरकार ने इन 6 माह में प्रदेश की जनता को 15 वर्ष पूर्व के हालात पुन: बताने का काम किया है। कांग्रेस सरकार अपने वचन पत्र में जनता को दिए वचनों को कागजों के ऊपर ही पूरा कर अपनी उपलब्धियां बता रही है। वास्तविकता से इसका कोई लेना-देना नहीं है। पिछले 6 महीने में समृद्ध मध्यप्रदेश को कांग्रेस सरकार ने अराजकता, अशांति, अपहरण और हिंसा का गढ़ बना दिया है। प्रदेश कांग्रेस सरकार की सारी विफलता को जनता के बीच भाजपा रखेगी।
यह कहना है भाजपा नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा एवं जिला अध्यक्ष अशोक सोमानी का जो कि कमल नाथ सरकार के 6 माह पूर्ण होने पर आज सुबह मीडिया से मुखातिब हुए। सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए गोपी और सोमानी ने कहा कि पूरे प्रदेश में भय, आतंक, अराजकता का माहौल बन गया है। इंदौर में दिनदहाड़े बच्चे का अपहरण हुआ, चित्रकूट में अपहरण और हत्या हुई और गृहमंत्री ही लापता रहे। इन 6 महीनों में प्रदेश की जनता ने देखा है कि प्रदेश को एक नहीं, दो नहीं, बल्कि ढाई मुख्यमंत्री चला रहे हैं। प्रदेश की जनता को एक नया अनुभव हुआ है कि राज्य में मुख्यमंत्री के ऊपर भी एक सुपर सीएम है। यही नहीं प्रदेश के मंत्री कन्या विवाह में देशी-विदेशी पिलाने की व्यवस्था करने में लग गए। साथ ही प्रदेश सरकार के ये मंत्री बुजुर्ग किसानों को बीड़ी, खैनी, तंबाखू खिलाने की बातें करने लगे है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कृषि मंत्री मुख्यमंत्री से बिना पूछे किसान कल्याणकारी योजनाओं को बंद करने में लगे हैं। प्रदेश में श्रमिकों के हित में बनी संबल योजना बंद कर दी गई है। साथ ही प्रदेश प्रदेश की जनता के लिए चलाई जा रही राज्य बीमारी सहायता योजना भी बंद कर दी जाती है। 10 दिन में किसानों का कर्जा माफ करने का वचन देने वाली धोखेबाज सरकार प्रदेश में है, लेकिन अभी तक किसी भी किसान का 2 लाख तक का कर्जा माफ नहीं हुआ।
कर्जा माफी के नाम पर हरा, लाल, पीला फॉर्म भराकर किसानों को सिर्फ टहलाने का काम हुआ है। सरकार ने एक मुश्त 2 लाख तक का कर्ज माफ करने की बात कही थी, लेकिन अब इस कर्ज माफी को सरकार चरणों में बांट रही है। दूसरे चरण की घोषणा 2 दिन पहले की गई है, जिसमें 50 हजार तक के कर्ज माफी की बात कही गई है जो कि किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारी ट्रांसफर (तबादला) से और जनता ट्रांसफॉर्मर से परेशान है। सरकार थोक बंद तबादले में लगी रही। प्रशासन और ला एंड ऑर्डर की व्यवस्था चरमरा गई।
अबकी बार मध्य प्रदेश में यू-टर्न सरकार
उन्होंने कहा कि वंदे मातरम पर यू-टर्न लिया गया। भावांतर योजना पर यू-टर्न लिया गया। संविदा की सुरक्षा पर यू-टर्न लिया गया। मीसा बंदियों की पेंशन पर यू-टर्न लिया और किसान सम्मान निधि पर भी यू-टर्न लिया गया। जिले की जनता बिजली, सड़क, पानी से पूरी तरह परेशान है। इन 6 माह के शासन में ही 2003 के पहले जैसे मध्यप्रदेश का फिर आगाज हो चुका है। जनता को 15 साल के पूर्व वाले मध्यप्रदेश का एहसास दिलाने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद, जनता आपको समझ गई है और जल्द ही बड़े बदलाव के इंतजार में है।

Home / Indore / प्रदेश कांग्रेस सरकार की विफलता जनता के बीच रखेगी भाजपा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो