scriptएक ही दिन, एक ही समय में दो चुनरी यात्रा… एक अटकी | Chunar yatra contest for elections 2018 | Patrika News
इंदौर

एक ही दिन, एक ही समय में दो चुनरी यात्रा… एक अटकी

दो माह पहले ही विधायक ने करवा ली थी स्वीकृति, यात्रा निकालने के लिए बदलना पड़ेगा समय

इंदौरSep 10, 2018 / 11:03 am

Mohit Panchal

mla s gupta

एक ही दिन, एक ही समय में दो चुनरी यात्रा… एक अटकी

इंदौर। नवरात्रि पर एक नंबर विधानसभा में एक ही दिन और एक ही समय पर दो चुनरी यात्रा निकाले जाने की घोषणा ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। हालांकि विधायक सुदर्शन गुप्ता को दो माह पहले ही यात्रा की अनुमति मिल गई। इधर, चुनावी माहौल में यात्रा की घोषणा करने वाले गोलू अग्निहोत्री को फिलहाल अनुमति नहीं मिल पाई है। प्रशासन हरी झंडी तभी देगा, जब वे समय में बदलाव करें।
विधायक सुदर्शन गुप्ता ९ साल से नवरात्रि के दौरान रविवार को चुनरी यात्रा निकालते हैं। इस बार १४ अक्टूबर को सुबह १० बजे बड़ा गणपति से बिजासन तक यात्रा निकलेगी। इस बार कांग्रेस नेता भी सक्रिय हैं, जो विधानसभा चुनाव लडऩे की इच्छा रखते हैं। संजय शुक्ला एक लाख इक्यावन हजार साडिय़ों का वितरण कर रहे हैं और कन्या पूजन कराएंगे। इधर, कमलेश खंडेलवाल गणेशोत्सव पर मिट्टी की गणेश प्रतिमा बांट रहे हैं।
इस बीच सावन में कावड़ यात्रा निकालने के बाद गोलू अग्निहोत्री ने अब नवरात्रि में चुनरी यात्रा निकालने की घोषणा कर दी। मजेदार बात ये है कि गोलू की चुनरी यात्रा भी ठीक उसी दिन है, जिस दिन विधायक गुप्ता की यात्रा निकलना है। हालांकि गुप्ता ने २३ जुलाई को ही यात्रा को लेकर अनुमति ले ली थी। उन्हें मालूम था कि चुनावी वर्ष होने से कांग्रेस की ओर से भी कलाकारी हो सकती है। इधर, गोलू को अब तक अनुमति नहीं मिली, गुप्ता की यात्रा की वजह से रोक दी गई।

… तो नहीं मिलेगी अनुमति : बताते हैं कि प्रशासन ने साफ कर दिया कि परंपरागत यात्रा होने से गुप्ता को पूर्व में अनुमति दे दी गई, इसलिए उसी समय पर नहीं दी जाएगी। गोलू की ओर से तर्क दिए जा रहे हैं कि रास्ता अलग है, लेकिन प्रशासन का मानना है कि जाएगी तो बिजासन ही, जिससे व्यवस्था बिगडऩे की आशंका है। यात्रा की अनुमति तभी होगी, जब वे समय बदलेंगे। न बदलने पर अनुमति भी नहीं दी जाएगी।
दिग्गजों के आने की संभावना
गौरतलब है कि चुनावी साल होने से गुप्ता ने यात्रा में पूरी ताकत लगाना शुरू कर दी है। जमीनी तौर पर मेहनत करने के साथ वे दिल्ली-भोपाल में भी अपनी ताकत दिखने के मूड में हंै। इसको लेकर उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व संगठन महामंत्री रामलाल को भी न्योता दिया।
इसके अलावा बाबा रामदेव व उत्तम स्वामी ने भी आने के लिए सहमति दे दी। इस बार तो मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भी आ सकते हैं। अब तक वे गुप्ता की यात्रा में शामिल नहीं हुए थे, क्योंकि वे नवरात्रि में बाहर नहीं निकलते हैं। इस बार चुनाव व जनआशीर्वाद यात्रा होने से दौरे पर होंगे, जिसके चलते उन्होंने सहमति दे दी है।

Home / Indore / एक ही दिन, एक ही समय में दो चुनरी यात्रा… एक अटकी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो