सुबह से ही कंपकंपाया मालवा-निमाड़
सुबह से ही कंपकंपाया मालवा-निमाड़
इंदौर/मालवा-निमाड़. सर्द हवाओं के चलते प्रदेश में ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई तथा राज्य के उत्तर पूर्वी क्षेत्रों में कोहरे ने लोगों की ठंड का अहसास कराया। मौसम विभाग मुताबिक पिछले चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश के सिवनी में 16.8, पचमढ़ी में 15.4, ङ्क्षछदवाड़ा में 7.2 के अलावा मंडला, बैतूल, सीधी, शहडोल और सतना जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। इसके चलते प्रदेश भर में कड़ाके की ठंड का दौर प्रारंभ हो गया है। राजधानी भोपाल में दिनभर बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में सामान्य से ७.६ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। कुछ जगह बारिश हुई। ज्यादातर शहर धुंध के आगोश में रहे। जबलपुर में खराब मौसम के कारण तीन उड़ानें निरस्त कर दी गईं। पूरे प्रदेश में रात के तापमान में अभी और गिरावट आएगी। दिन में भी धुंध और बादल छाए रहने से सर्दी बढ़ेगी। उत्तर की ठंडी हवाओं के असर से प्रदेश में सर्दी बढ़ गई है। रविवार को श्योपुर व नरसिंहपुर में पारा सामान्य से काफी नीचे जाने के बाद वहां कोल्ड-डे घोषित किया गया। कुछ जगह बारिश हुई। जबलपुर में खराब मौसम के कारण तीन उड़ानें निरस्त कर दी गईं। अगले २४ घंटे में रात के तापमान में और गिरावट आएगी।
उज्जैन-रतलाम : सुबह 9 बजे खुलेंगे स्कूल
उज्जैन. सुबह से ही शहर कोहरे के आगोश में रहा। दिनभर चली शीत नहर ने मालवा-निमाड़ लोगों को कंपकंपाया दिया। वहीं दोपहर में कुछ देर के लिए सूर्य देवता ने दर्शन दिए। शीत लहर के कारण अधिकतम तापमान में ५ डिग्री और न्यूनतम में २ डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान १९ डिग्री और न्यूनतम तापमान १२ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड के कारण लोग घरों में ही दुपके रहे। सर्दी के कारण प्रशासन ने कक्षा १-८ तक बच्चों के स्कूल लगने का समय बढ़ाकर सुबह ९ बजे कर दिया है। वहीं, शाजापुर और आगर जिले में भी दिनभर शीतलहर का दौर चलता रहा। कई चौराहों पर अलाव भी जलाए गए।
रतलाम. मालवा क्षेत्र में शीतलहर का असर तेज हो गया है। शनिवार से चल रही सर्द हवाओं की वजह से रात ठिठुरनभरी रही। इस ठिठुरन का असर रविवार को सुबह से ही लोगों को हो गया और रविवार को भी दिनभर सर्द हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने को मजबूर कर दिया। जिला शिक्षा अधिकारी केसी शर्मा ने शनिवार १४ दिसंबर की तारीख में जारी आदेश में कहा कि शीत ऋतु एवं तापमान में आई गिरावट की वजह से जिले के सरकारी, गैर सरकारी, सीबीएसइ और आइसीएसई स्कूलों के समय में परिवर्तन किया जा रहा है। इन स्कूलों में पहली से आठवीं तक की कक्षाएं सुबह नौ बजे से पहले नहीं लगाई जाए। इसी तरह नौवीं से १२वीं तक की कक्षाएं सुबह साढ़े आठ से पहले नहीं लगाई जाए।
सर्द हवाओं से ठिठुरा निमाड़
खंडवा. उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के कारण निमाड़ अंचल के चारों जिलों में रविवार को मौसम ने करवट बदली। सुबह से ही खंडवा, बुरहानपुर खरगोन और बड़वानी जिले में बादल छाए रहे। सर्द हवा चलने से वातावरण में ठिठुरन रही। खंडवा में सर्द हवाओं और बादलों के कारण दिन के तापमान में जहां 5.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। वहीं रात के पारे में 0.4 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। इस दौरान शहर में 10 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चली और वातावरण में आद्र्रता 63 फीसदी रही। वहीं अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री और न्यूनतम पारा 16.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह बुरहानपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खरगोन में भी ठंड का असर देखा गया। यहां शाम ढलते ही अलाव जलने लगे। रविवार को यहां दिन का अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह बड़वानी में भी एक दिन के भीतर ही दिन के तापमान में ढाई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यहां रविवार को दिन का तापमान 27 डिग्री व न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को यहां दिन अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया था।