scriptजिन अफसरों ने चुनाव में दी दिक्कत कमल नाथ ने मांगे उनके नाम, कांग्रेसी बना रहे सूची | congress send name of some officers to cm kamalnath | Patrika News
इंदौर

जिन अफसरों ने चुनाव में दी दिक्कत कमल नाथ ने मांगे उनके नाम, कांग्रेसी बना रहे सूची

शहर और जिला कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र जारी कर प्रमाण सहित मांगी जानकारी, परिणाम आने के बाद होगी कार्रवाई

इंदौरMay 21, 2019 / 03:35 pm

हुसैन अली

kamalnath

जिन अफसरों ने चुनाव में दी दिक्कत कमल नाथ ने मांगे उनके नाम, कांग्रेसी बना रहे सूची

इंदौर. प्रदेश में लोकसभा चुनाव के दौरान जिन अफसरों और कर्मचारियों ने निष्पक्ष काम न करते हुए कांग्रेसियों को दिक्कत दी, उनके नाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मांगे थे। शहर और जिला कांग्रेस अध्यक्षों को पत्र जारी कर प्रमाण सहित जानकारी मांगी गई थी। चुनाव में दिक्कत देने वालों की रिपोर्ट बनाकर भोपाल भेजने के काम पर अध्यक्ष लग गए हैं। अफसरों और कर्मचारियों के नाम मांगने के पीछे वजह इन पर कार्रवाई करना बताया जा रहा है।
पीसीसी चीफ और मुख्यमंत्री कमल नाथ ने एक पत्र प्रदेश के सभी शहर व जिला अध्यक्षों को जारी किया। लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान शुरू होने के दौरान यह पत्र जारी किया गया। इसमें निर्वाचन आयोग के निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश का हवाला दिया गया। साथ ही उन अफसरों और कर्मचारियों के नाम मांगे गए जिन्होंने चुनाव में निष्पक्षता नहीं रखी और लापरवाही बरती है। इन अफसरों और कर्मचारियों के नाम, पद व विभाग की जानकारी प्रमाण सहित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल में भेजने का कहा गया है। मुख्यमंत्री का पत्र मिलने के बाद से जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव और शहर कार्यकारी अध्यक्ष विनय बाकलीवाल चुनाव के दौरान कांग्रेस को दिक्कत देने वाले अफसर और कर्मचारियों की जानकारी जुटाकर रिपोर्ट भोपाल भेजने के काम पर लग गए हैं।
इंदौर लोकसभा क्षेत्र की ग्रामीण विधानसभा राऊ, सांवेर और देपालपुर की रिपोर्ट यादव और शहरी क्षेत्र की एक, दो, तीन, चार व पांच नंबर विधानसभा की रिपोर्ट बाकलीवाल तैयार कर रहे हैं। आज-कल में रिपोर्ट तैयार कर भोपाल भेज दी जाएगी। बताया जा रहा है कि चुनाव के दौरान निष्पक्ष रूप से काम न करने और कांग्रेस नेताओं को दिक्कत देने वाले अफसर व कर्मचारियों पर २३ मई को परिणाम आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस पदाधिकारियों के भी मांगे नाम

चुनाव के दौरान पार्टी गाइड लाइन से हटकर काम करने वाले कांग्रेस पदाधिकारियों और नेताओं के भी नाम मांगे गए हैं। इनके साथ ही पद और जिम्मेदारी लेने के बावजूद काम न करने वाले निष्क्रिय नेताओं पर भी परिणाम आने के बाद कार्रवाई होगी। मालूम हो कि मुख्यमंत्री कमल नाथ मतदान होने से पहले ही मंत्री, विधायक और पदाधिकारियों को चेता गए थे कि कांग्रेस के पक्ष में परिणाम ठीक नहीं हुए तो पार्टी कार्रवाई करेगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो