scriptगुरु की शिक्षा से महक रहे समाजों के आंगन | Courtyard of the smiling societies from the education of the guru | Patrika News
इंदौर

गुरु की शिक्षा से महक रहे समाजों के आंगन

अन्नदान और गोसेवा से लेकर पर्यावरण संरक्षण के लिए कर रहे प्रयास

इंदौरJul 16, 2019 / 02:10 pm

हुसैन अली

indore

गुरु की शिक्षा से महक रहे समाजों के आंगन

इंदौर. गुरु की शिक्षा इंदौर में बड़े सामाजिक बदलाव का माध्यम बन रही है। जूना पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर अवधेशानंद जी ने सिटी बस से सफर कर एक नई शुरुआत की थी। उसी तर्ज पर गुरुओं के आशीष से विभिन्न समाज अन्नदान, गोसेवा व अन्य धार्मिक गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी बराबरी से काम कर रहे हैं।
अवधेशानंदगिरि : पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरण

जूना पीठाधीश्वर अवधेशानंद गिरि धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सुधार को लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए वे खुद एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक आई-बस से पहुंचे थे। इस वर्ष पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण के लिए बड़ा पौधरोपण कार्यक्रम होगा। प्रभु प्रेमी संघ के सुशील बेरीवाला ने बताया, इंदौर में गुरुपूॢणमा के उपलक्ष्य में आचार्य के सानिध्य में पौधरोपण किया जाएगा।
बोहरा समाज : सैयदना के आदेश पर पौधरोपण शुरू

indore
बोहरा धर्मगुरु सैयदना ने पृथ्वी को बचाने के लिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पूरे देश में उनके निर्देश पर पौधरोपण किया जा रहा है। उन्होंने देश में दो लाख पौधे रोपने का लक्ष्य समाज के 2 लाख परिवारों को दिया है। मजहर सेठजीवाला ने बताया, शहर में पांच हजार बोहरा परिवार हैं। १२ मस्जिदों के आमिल साहब के नेतृत्व में पौधरोपण हो रहा है। समाज के घरों में एक समय का खाना नहीं बनता है। रोजाना घरों पर मस्जिदों से टिफिन भेजा जाता है।
सिख समाज : गुरु के दरबार से कोई नहीं जाता भूखा

indore
सिख समाज 10 गुरुओं के बाद गुरुग्रंथ साहिब को अंतिम गुरु मानता है। सभी गुरुओं ने अन्नदान को सबसे बड़ा बताया है। इसी संदेश को समाजजन आगे बढ़ाते हुए गुरु के लंगर के आयोजन के साथ गरीबों व जरुरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के काम में लगे हैं। गुरु के दरबार में आया किसी भी धर्म का व्यक्ति कभी भूखा नहीं जाता है।
नागोरिया पीठ : संस्कृति के साथ संस्कृत पर ध्यान

indore
छत्रीबाग स्थित श्री लक्ष्मी वेंकटेश देवस्थान पर दादा गुरु केशवाचार्य ने धर्म और कर्मकांड के क्षेत्र में प्रकल्प शुरू किए थे, जो आज भी चल रहे हैं। नागोरिया पीठ के स्वामी विष्णुप्रपन्नाचार्य धर्म के साथ सामाजिक नवाचारों को भी लगातार बढ़ावा देते आए हैं।
बाबा जय गुरुदेव: शाकाहार-नशामुक्ति का दिया संदेश

indore
तेजाजी नगर बायपास रोड स्थित ग्राम मिर्जापुर में बाबा जयगुरु देव आश्रम सवा पांच एकड़ में फैला है। गुरुदेव के शाकाहार व नशामुक्ति के लिए अभियान को उनके शिष्य आज भी बढ़ा रहे हैं। हर रविवार हजारों की संख्या में बाबा के भक्त ध्यान, सुमिरन और सत्संग का लाभ लेते हैं।
अग्रवाल समाज : स्वास्थ से लेकर शिक्षा का संदेश

indore
अग्रवाल समाज गुरुओं के आदेश पर स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा के लिए पूरे साल काम करते हैं। धर्म क्षेत्र में समाज का विशेष योगदान है। समाज के किशोर गोयल ने बताया, समाज अगर अपनी सेवा बंद कर दें तो 60 प्रतिशत काम बंद हो जाएंगे।
प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विवि: आत्म शांति से ही विकास

indore
प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय आत्मा को ईश्वर से जोडऩे के लिए साधक तैयार करता है। विश्वविद्यालय से सदगुरु से जोडऩे के लिए कई आश्रम और ध्यान केंद्र बनाए गए हैं। संस्था ने ध्यान साधना, गरीबों की सेवा और शिक्षा के लिए प्रकल्प शुरू किए हैं।
विद्याधाम : मंत्र शक्ति पर जोर, सामाजिक सरोकार भी

indore
महामंडलेश्वर गिरजानंद सरस्वती के सपने को आश्रम बनाकर साकार करने वाले शिष्य मंत्र शक्ति पर जोर देने के साथ ही रिसर्च भी कर रहे हैं। मंत्रों का मानव हित में प्रयोग निरंतर जारी है। देश की संस्कृति बचाने के साथ ही कर्मकांड की शिक्षा दी जाती है। संजय पंडित ने बताया, गुरु के आदेश का पालन करते हुए यहां पर हर तरह के परोपकार और सामाजिक सरोकार के काम होते हैं।
गीता भवन : कृष्ण की गीता को पहुंचा रहे जनता तक

indore
भागवत गीता को यथार्थ में बनाए रखने और उसका अर्थ जनता तक पहुंचाने के लिए पिछले 60 वर्षों से गीता जयंती पर देशभर के बड़े-बड़े संत गीताभवन में गीता का सार सरल भाषा में बताते आ रहे हैं। गीताभवन की नींव गोवध रोकने के आंदोलन के प्रणेता काशी के करपात्री महाराज के करकमलों से हुई थी। उनके सामाजिक सरोकार के आदेश आज भी चल रहे हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो