होल्कर स्टेडियम में भारत व बांग्लादेश के बीच चल रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार दोपहर एक युवक सात फीट उंची जाली फांदकर मैदान में कूद गया। उसके कार मैच का कुछ देर रोकना पड़ा। विराट कोहली व अन्य खिलाडिय़ों के उसने पैर छूए। इसी दौरान सुरक्षाकर्मी मैदान में आ गए। उन्होंने युवक को पकड़ा और मैदान के बाहर ले गए। युवक का नाम सूरज (22) पिता विजय सिंह बिष्ट निवासी भंवरकुआं है। वह मूल रुप से उत्तराखंड का रहने वाला है। भंवरकुआं इलाके के एक होटल में वह तंदूरी रोटी बनाने का काम करता है। सूरज, विराट कोहली का बहुत बड़ा फैन है। उसने बांह पर विराट कोहली का नाम भी गुदवा रखा है। विराट से मिलने की चाह में ही उसने ये हरकत की। हांलाकि मैदान में जब सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ा तो विराट कोहली ने उन्हें उसे आराम से ले जाने को कहा था। जिस तरीके से चाली पर चढक़र वह मैदान में कूदा वह काफी खतरनाक था। इसमें वह खुद भी घायल हो सकता था।
एएसपी अनिल पाटीदार ने बताया कि मामले में एमपीसीए ने लिखित शिकायत तुकोगंज पुलिस को दी थी। इस पर से सूरज के खिलाफ धारा 448 के तहत केस दर्ज किया गया है। उसे रविवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। सात फीट उंची जाली उसने कूदी थी। फिलहाल सुरक्षा में चूक जैसी कोई बात नहीं सामने आई है।