scriptकमलनाथ के रोड शो में चल सकेंगे केवल सात वाहन | Only seven vehicles will be allowed in Kamalnath road show | Patrika News
इंदौर

कमलनाथ के रोड शो में चल सकेंगे केवल सात वाहन

जिला प्रशासन ने अनुमति में रखी शर्त, दो एम्बूलेंस भी साथ में चलाना होगी

इंदौरSep 15, 2018 / 09:54 pm

नितेश पाल

kmalnath

Chhindwara assembly election-2018

इंदौर.
चुनावी समय में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ के रोड शो कम वाहन रैली को लेकर जिला प्रशासन ने शनिवार को इजाजत तो दे दी है, लेकिन उसमें शर्त भी रखी है, कि रैली में केवल सात वाहन ही चलेंगे। साथ ही रैली के दौरान जनता के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दो एम्बूलेंस की भी व्यवस्था कांग्रेस नेताओं को करना होगी।
आचार संहिता के पहले इंदौर में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने के लिए कांग्रेस जुट गई है। जिसके चलते जहां देपालपुर में बड़ी आमसभा जिला कांग्रेस कर रही है। वहीं शहर कांग्रेस द्वारा शहर में कृषि महाविद्यालय, से एमवाय होते हुए मधुमिलन चौराहा, विश्वविद्यालय, रीगल, शास्त्री ब्रिज से प्रेस क्लब तक कमलनाथ का रोड शो आयोजित किया जाना है। इसके लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को कांग्रेस को इजाजत तो दे दी, लेकिन उसमें 13 शर्ते लगाई गई हैं। जिनमें मुख्य रूप से रोड शो में केवल सात वाहनों को ही रखने की शर्त है। कांग्रेस को इसकी भी व्यवस्था करना होगी की रास्ते बंद न हो और यातायात चलता रहे। वाहन रैली कहीं भी बीच में नहीं रूकेगी, ये लगातार चलायमान रहेगी। इसके साथ ही रैली में चलने वालों के लिए पानी और नाश्ते का प्रबंध भी कांग्रेस को करना होगा। साथ ही रैली में चलने वालों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए दो एम्बूलेंस भी साथ में रखना होगी। वहीं रोड शो के साथ में चलने वाले वाहनों को ध्वनी नियंत्रण करते हुए चलना होगा। प्रशासन ने अनुमति में इस बात को भी जोड़ दिया है कि यदि किसी भी शर्त का पालन नहीं किया गया तो प्रशासन दी गई अनुमति को बगैर कोई सूचना दिए ही निरस्त कर देगा।
मेराथन में पटाखे प्रतिबंधित
जो इजाजत दी गई है, उसमें शर्त नंबर 9 में जिला प्रशासन ने आयोजकों को निर्देश दिए हैं कि मेराथन में पटाखे प्रतिबंधित रहेंगे। जबकि कांग्रेस ने रोड शो की इजाजत मांगी है।
राहुल गांधी की सभा मंच को लेकर हो चुका विवाद
इसके पहले मंदसौर में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा के मंच को लेकर विवाद सामने आया था। उस समय भी मंदसौर जिला प्रशासन ने कांग्रेस को केवल 8 बाय 8 का मंच लगाने की इजाजत दी थी।
कांग्रेस कर रही भव्य स्वागत की तैयारी
वहीं कांग्रेस कमनाथ के रोड शो को भव्य बनाने में जुट गई है। कृषि महाविद्यालय से लेकर प्रेस क्लब तक दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक निकलने वाले इस रोड शो के स्वागत के लिए कांग्रेस के सभी नेता शनिवार से ही जुट गए हैं। पूरे रास्ते में कांग्रेस नेताओं द्वारा 70 से ज्यादा मंच लगाए गए हैं, जहां से कमलनाथ का स्वागत किया जाएगा। इसके अलावा लगभग 5 हजार से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता इस रोड शो में शामिल रहेंगे।
0 भाजपा नेताओं के लिए अलग कानून है, कांग्रेस के लिए अलग है। जनाशीर्वाद यात्रा हो या भोपाल में होने वाला महाकुंभ सभी के आयोजनों में अफसर ही आयोजनकर्ता के समान व्यवस्थ कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की सभाओं में जो भीड़ उमड़ रही है, उसके चलते कांग्रेस के खिलाफ साजिश के तौर पर प्रशासन के अफसर सरकार के इशारे पर ये हरकतें कर रहे हैं। जबकि नियम सभी के लिए एक समान ही होते हैं। ऐसे अधिकारियों की सूची कांग्रेस बना रही है।
0 नरेंद्र सलूजा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मीडिया कोर्डिनेटर
– कांग्रेस ने हमें बताया था कि सात वाहन कांग्रेस कमेटी की ओर से काफीले में चलेंगे। जिसके चलते ही हमने सात वाहनों की अनुमति दी है। हमने चर्चा करने के बाद ही अनुमति दी है।
– अजयदेव शर्मा, एडीएम
व्यापारियों से मिलेंगे कमलनाथ
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ शनिवार को इंदौर आएंगे। दोपहर दो बजे इंदौर आने के बाद वे रोड शो करते हुए 3 बजे तक प्रेस क्लब पहुंचेंगे। यहां पत्रकारवार्ता के बाद वे 53वें सैय्यदना मुफद्दल सैफुद्दीन से मिलने सैफीनगर जाएंगे। वहां से गंभीर रूप से बीमार कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रमोद टंडन से मिलने के लिए उनके घर जाएंगे। वहां से बायपास स्थित होटल प्राइड जाएंगे। यहां पर कांग्रेस व्यापारिक प्रकोष्ठ का कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में वे न सिर्फ व्यापारियों के बीच कांग्रेस की रीति नीति को रखेंगे, बल्कि उनसे बात करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुनेंगे। व्यापारिक प्रकोष्ठ के शहर अध्यक्ष शैलेष गर्ग के मुताबिक व्यापारियों और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के बीच चर्चा की भी इस दौरान व्यवस्था की गई है। वहां से कमलनाथ, भोपाल लौटने के लिए सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।


Home / Indore / कमलनाथ के रोड शो में चल सकेंगे केवल सात वाहन

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो