scriptमहाकुंभ में शामिल होने के लिए इंदौर से रवाना हुए भाजपाई | Prime Minister Narendra Modi's in the Mahakumbh of BJP | Patrika News
इंदौर

महाकुंभ में शामिल होने के लिए इंदौर से रवाना हुए भाजपाई

हर वार्ड से गई एक बस और दर्जनों चारपहिया वाहन

इंदौरSep 25, 2018 / 10:44 am

Mohit Panchal

 BJP mahakumbh

महाकुंभ में शामिल होने के लिए इंदौर से रवाना हुए भाजपाई

इंदौर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने जा रहे महाकुंभ के लिए इंदौर से हजारों भाजपाई आज सुबह राजधानी रवाना हुए। हर वार्ड को एक बस दी गई थी, इसके चलते चार पहिया वाहनों पर विधायक व पार्षदों को जोर देना पड़ा।
भोपाल के जंबूरी मैदान पर भाजपा आज अपने चुनाव अभियान का शंखनाद करेगी। प्रधानमंत्री मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में होने वाली सभा के लिए इंदौर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रवाना हुए। देर रात तक बसों को विधानसभा वार सौंपने का सिलसिला चलता रहा।
हर वार्ड को एक बस दी गई। ८५ वार्डो के अलावा १५ बसें प्रमुख नेता व मोर्चा प्रकोष्ठों के भी सुपुर्द की गई। हालांकि संगठन ने पहले ही साफ कर दिया कि ज्यादा बसें नहीं मिल पाएंगी, इसलिए विधायक व पार्षदों ने चार पाहिया वाहनों की व्यवस्था जुटा ली थी।
आज सुबह ६.३० बजे से बसों व कारों के जाने का सिलसिला शुरू हो गया। बस व चार पहिया वाहनों का पहला जत्था बापट चौराहा से रवाना हुआ, जिसे नगर महामंत्री मुकेश राजावत व कमल वाघेला ने हरी झंडी दिखाई। आज दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी है, जिसके चलते उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
विधायक रमेंश मेंदोला, चंदूराव शिंदे, हरप्रीत बक्षी व सुमित मिश्रा मौजूद थे। इसी प्रकार भंवरकुआं स्थित उपाध्याय प्रतिमा पर महापौर मालिनी गौड़, गोपीकृष्ण नेमा, मधु वर्मा और मुकेश मंगल सहित कई नेताओं ने माल्यार्पण किया। वहां से वर्मा के नेतृत्व में कारों का काफिला रवाना हुआ।
एक नंबर से विधायक सुदर्शन गुप्ता व मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा ने नेतृत्व में १७ बसें और करीब १५० से अधिक चार पहिया वाहन रवाना हुए। बस में बैठने से पहले ही भोजन के पैकेट रख दिए गए थे। इसी प्रकार लालबाग से महापौर व मंडल अध्यक्ष प्रीतम लूथरा के नेतृत्व में चार नंबर विधानसभा का काफिला रवाना हुआ।
पांच नंबर में विधायक महेंद्र हार्डिया, तीन नंबर से विधायक उषा ठाकुर, राजेंद्र नगर से पूर्व विधायक जीतू जिराती, मरीमाता से भाजपा नेता गोलू शुक्ला और बायपास से भाजयुमो नगर अध्यक्ष मनस्वी पाटीदार अपनी टीम के साथ रवाना हुए।
करवाया नाश्ता
शिप्रा टोल नाके पर जिला भाजपा की ओर से नाश्ते का प्रबंध किया गया था। भाजपा का झंडा लगी गाडिय़ों को देखकर कार्यकर्ता रोक रहे थे। गाड़ी में ही उन्हें पोहा, कचोरी और समोसा दे रहे थे। हालांकि लेट होने पर कई गाडिय़ां नहीं रुकीं।
संभाली व्यवस्था
महाकुंभ में व्यवस्थाओं को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन ने इंदौरी नेताओं की भी ड्यूटी लगाई थी। प्रमुख जिम्मेदारी नगर उपाध्यक्ष नानूराम कुमावत को दी गई थी। इनके साथ राजेश दुबे, संतोष गुर्जर, युवराज पाटीदार, अभिषेक शर्मा, संजय अड़सपूरकर और नारायण पटेल थे।
गांव से भी जुटी भीड़
ग्रामीण भाजपा ने भी दो सौ से अधिक बसों की मांग की थी, लेकिन सौ के करीब बसें आवंटित हुईं। विधायक कैलाश विजयवर्गीय, मनोज पटेल, राजेश सोनकर, सावन सोनकर के नेतृत्व में बसें रवाना हुईं। ग्रामीण क्षेत्र में सोयाबीन की कटाई का समय चल रहा है, फिर भी बड़ी संख्या में किसान जुटे।

Home / Indore / महाकुंभ में शामिल होने के लिए इंदौर से रवाना हुए भाजपाई

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो