scriptप्रियंका गांधी का रोड शो…बढ़ा गया चुनावी तापमान | Priyanka Gandhi's Road Show in indore | Patrika News
इंदौर

प्रियंका गांधी का रोड शो…बढ़ा गया चुनावी तापमान

– नरेंद्र मोदी की सभा के बाद भीड़ जुटाकर नेताओं ने किया शक्ति-प्रदर्शन- आठ बार से हारते आ रहे इंदौर सीट पर कांग्रेसियों में आया जोश

इंदौरMay 14, 2019 / 11:17 am

Uttam Rathore

Priyanka Gandhi

प्रियंका गांधी का रोड शो…बढ़ा गया चुनावी तापमान

इंदौर. भीषण गर्मी के बीच प्रियंका गांधी का रोड शो चुनावी तापमान बढ़ा गया। आठ बार से इंदौर सीट पर हारते आ रहे कांग्रेसियों में एक अलग ही जोश देखने को मिला। साथ ही प्रियंका गांधी का जादू नेताओं और कार्यकर्ताओं से लेकर आम जनता पर भी खूब चला। रोड शो के ठीक एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हुई सभा के बाद नेताओं ने भीड़ जुटाकर शक्ति प्रदर्शन किया। नतीजतन कांग्रेस का रोड शो… हिट-शो में तब्दील हो गया।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का रोड शो कल शाम को हुआ। पंकज संघवी के समर्थन में यह रोड शो रखा गया। पहली बार इंदौर आई प्रियंका के रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने पूरी ताकत लगा दी। रोड शो के चलते पूरे मार्ग पर मंच लगाकर जहां भव्य स्वागत किया गया, वहीं भीड़ जुटाने में भी नेता पीछे नहीं रहे। इंदौर संसदीय सीट पर आठ बार से लगातार हार का मुंह देखते आ रही कांग्रेस में एक अलग ही जोश नजर आया। इसके साथ ही हर मंच पर कांग्रेसियों के साथ लोगों की भीड़ को देखकर प्रियंका और मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रसन्नता जाहिर की, क्योंकि प्रियंका के रोड शो से ठीक एक दिन पहले दशहरा मैदान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा हुई थी। मोदी की सभा के बाद प्रियंका के रोड शो से जहां कांग्रेस के पक्ष में महौल बना, वहीं उनके भाषण और भीड़ ने कांग्रेसियों में जोश भर दिया। राजमोहल्ला चौराहा स्थित भगतसिंह प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद रोड शो शुरू हुआ, जो कि जवाहर मार्ग से यशवंत रोड होते हुए राजबाड़ा पर समाप्त हुआ। यहां पर प्रियंका ने वाहन से ही संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर कई कटाक्ष किए। उन्होंने जीएसटी, नोटबंदी, राफेल डील, बेरोजगारी, और आंतकवाद पर अपनी बात रखते हुए मोदी को घेरा। साथ ही अपने भाई और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की तारीफों के पुल बांधे। रोड शो के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सुरेश पचौरी, सज्जन सिंह वर्मा, बाला बच्चन, तुलसी सिलावट, जीतू पटवारी, रामेश्वर पटेल, संजय शुक्ला, विशाल पटेल, अश्विन जोशी, सत्यनाराण पटेल, प्रमोद टंडन, विनय बाकलीवाल, सदाशिव यादव, नरेंद्र सलूजा, राजेश चौकसे, दीपू यादव, हरिओम ठाकुर, अफसर पटेल, रफीक खान, दीपक राजपूत, अमित चौरसिया, रोहित जोशी, निलेश पटेल, शैलु सेन, गौरव शर्मा, अनवर दस्तक, जीतू दिवान और सन्नी राजपाल मौजूद थे।

ट्रैफिक व्यवस्था बिगडऩे पर मांगी माफी
रोड शो समाप्त होने के बाद प्रियंका ने इंदौर की जनता से माफी मांगी। उनका कहना था कि रोड शो के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ी है। इससे इंदौर की जनता को थोड़ी तकलीफ हुई है। इसलिए मैं माफी मांगती हूं…। सभा को संबोधित करने के दौरान उन्होंने जमकर ठहाके भी लगवाए। साथ ही कांग्रेस को जिताने की अपील की। शाम का समय होने के बावजूद गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल हो रहा था, लेकिन प्रियंका को सुनने के लिए न तो कांग्रसियों का जोश कम हुआ और न ही उन्हें देखने पहुंची आम जनता का।
बाकलीवाल ने दिखाई ताकत
विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल का रोड शो हुआ और अब लोकसभा चुनाव के चलते प्रियंका का। यह दोनों रोड शो कार्यकारी अध्यक्ष विनय बाकलीवाल के नेतृत्व में हुए। साथ ही उन्होंने अपनी ताकत उन नेताओं को दिखाई, जोकि उनके कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद से विरोध का झंडा उठाए खड़े हैं।
indore
झलकियां…
– राजबाड़ा पर सभा समाप्त होने के बाद प्रियंका ने कांग्रेस को जिताने की अपील की। पास में ही खड़े प्रत्याशी पंकज संघवी ने उनके कान में कहा कि मेरा नाम लें…पंकज संघवी। इस पर फिर उन्होंने उनका नाम लेकर जिताने को कहा।
– प्रियंका गांधी के वाहन के आसपास व्यवस्था युवक कांग्रेस के 800 से ज्यादा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष अमन बजाज के नेतृत्व में संभाल रखी थी। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पवन जायसवाल और उपाध्यक्ष पिंटू जोशी ने भीड़ जुटाकर शक्ति-प्रदर्शन किया।
– राजबाड़ा पर पुलिस चौकी के पास पूर्व पार्षद चिंटू चौकसे का मंच लगा हुआ था। इस पर बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। जवाहर मार्ग पर मोहन सेंगर के मंच पर इस तरह की भीड़ थी।
– पूर्व पार्षद केके यादव के नेतृत्व में लगे मंच पर यादव समाज के लोग मौजूद थे। इसी तरह सिख, सिंधी, राजपूत, जैन, बोहरा और मुस्लिम समाज के भी मंच लगे हुए थे।
– प्रियंका के वाहन पर चढ़ते समय मंत्री जीतू पटवारी का कुर्ता फट गया।
– एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विपिन वानखेड़े को वाहन पर चढऩे से एसपीजी ने रोक दिया। यह देख मुख्यमंत्री कमल नाथ ने आने का इशारा किया तो फिर उन्हें वाहन पर चढऩे दिया।
– कांग्रेस नेता दीपक राजपूत ने साफा बांधकर सभी का स्वागत किया। इनके पास ही वैश्य समाज का मंच लगा हुआ था, जिस पर अर्चना जायसवाल और शैलेष गर्ग मौजूद थे।
– स्वागत के लिए लगे मंच पर भजन के साथ बैंड-बाजे और राष्ट्रभक्ति के गीत बज रहे थे।
– रोड शो के मार्ग पर आने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया। बावजूद इसके दो पहिया वाहन चालक निकलने के लिए पुलिस से भिड़ते रहे।
– भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करना पढ़ी।
– स्वप्निल कोठारी के मंच पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे, जिन्होंने प्रियंका के मुखौटे लगा रखे थे।
– जैन सोशल ग्रुप उड़ान की महिलाओं ने अलग से मंच लगाकर स्वागत किया।
– कई मंच पर तख्तियां लावारिस पड़ी थीं, जिन्हें उठाने वाला कोई नहीं थी। साथ ही फूलों की बोरियां तक नहीं खुली।
– रमजान के चलते मुकेरीपुरा मस्जिद और बंबई बाजार के यहां लगे मुस्लिम समाज के मंच पर नेता बार-बार घड़ी की तरफ देख रहे थे, क्योंकि रोजा खोलने का समय हो रहा था।
– रोड शो मार्ग के प्रियंका को देखने के लिए घरों की छतों पर लोगों की काफी भीड़ जमा थी।
– वाहन के आसपास चल रही भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करना पड़ी।
– राजबाड़ा पर प्रियंका के पहुंचने पर मंत्री पटवारी ने मोर्चा संभाला और कांग्रेसियों को पीछे धकलते रहे।
– राजबाड़ा पर चौकीदार चोर है…के नारे जमकर लगे।
– रोड शो खत्म होने के बाद नगर निगम के सफाईकर्मियों ने तत्काल सफाई कर सड़क से फूलों को हटाया।
– रोड शो मार्ग पर आने के लिए कांग्रेसियों ने आसपास की गलियों का रास्ता पकड़ा।

Home / Indore / प्रियंका गांधी का रोड शो…बढ़ा गया चुनावी तापमान

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो