scriptभाजपाइयों की नाराजगी पर पेंचवर्क | Screwwork on BJP's displeasure | Patrika News
इंदौर

भाजपाइयों की नाराजगी पर पेंचवर्क

नगर अध्यक्ष ने कमिश्नर से की सीधी बात, अगले ही दिन शुरू हुआ काम
 

इंदौरJun 03, 2023 / 10:35 am

Mohit Panchal

भाजपाइयों की नाराजगी पर पेंचवर्क

भाजपाइयों की नाराजगी पर पेंचवर्क

इंदौर। लंबी जद्दोजहद के बाद भाजपाइयों के दर्द पर पेंचवर्क हो गया। नगर निगम ने ताबड़तोड़ एबी रोड से ट्रेजर टाउनशिप सहित 29 कॉलोनियों को जोडऩे वाली सड़क पर डामरीकरण शुरू कर दिया। इसको लेकर राऊ के भाजपाइयों ने नाराज होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। ये खबर लगते ही नगर भाजपा अध्यक्ष ने पार्षद सहित सभी को बुलाकर महापौर व कमिश्नर से बात की। असर ये हुआ कि अगले ही दिन काम शुरू हो गया।
लंका पर चढ़ाई के समय भगवान श्रीराम ने विनयपूर्वक समुद्र से रास्ता मागा था, लेकिन तीन दिन आग्रह के बावजूद जब समुद्र पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा तो श्रीराम को अपनी शक्ति दिखाना पड़ी। इस घटना को श्रीराम चरित मानस में तुलसीदास कहा कि विनय न मानत जलधि जड़, गए तीनि दिन बीति। बोले राम सकोप तब, भय बिनु होइ न प्रीति। ऐसा ही कुछ राऊ भाजपा में हुआ।
एबी रोड से ट्रेजर टाउनशिप और उसके आसपास की करीब 29 कॉलोनियों ने भाजपाई समस्याओं को लेकर बार-बार सांसद, महापौर और पार्षद से विनती कर रहे थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही थी। कहना था कि निगम चुनाव के पहले जनता से वादे किए हैं। कम से कम मुख्य मार्ग पर पेंचवर्क तो करा दिया जाए। बरसात सामने है, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। आखिर में नाराज होकर वार्ड के सहसंयोजक राज मोरवानी, सुनिल खिलवानी, अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मुस्तफा जैनीतवाला, नजर भाई मुर्तजा सैफी, पंकज राणा, संतोष गिदवानी ने इस्तीफा दे दिया था।
इस बात की जानकारी लगते ही नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने पार्षद ओपी आर्य, पार्षद रहे निलेश चौधरी, प्रभारी श्री नारायण पालीवाल और इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों को बुलाया। उसी समय महापौर पुष्यमित्र भार्गव व नगर निगम कमिश्नर हर्षिता सिंह से बात की। कहना था कि तुरंत काम शुरू किया जाए। कार्यकर्ताओं की नाराजगी वाजिब है। मूलभूत समस्या है उसे हल किया जाए। सबसे पहले सड़के पेंचवर्क का काम शुरू होना चाहिए। रणदिवे से बात होने के अगले ही दिन सड़क का काम शुरू हो गया।
वापस लिए इस्तीफे
नगर अध्यक्ष रणदिवे के रूख को देखते हुए नाराज पदाधिकारियों को गुस्सा हवा हो गया। सभी ने इस्तीफे वापस ले लिए और जैसे ही सड़क का काम शुरू हुआ वैसे ही भाजपाइयों में खुशी की लहर छा गई। कई ने रणदिवे को फोन लगाकर आभार माना। अब उन्हें विश्वास है कि बचे हुए काम भी रणदिवे करा देंगे। पेंचवर्क के साथ ट्रेजर टाउनशिप से आगे की ओर बनने वाली 100 फीट चौड़ी सड़क पर मुरम की अस्थाई रोड बनाने, रास्ते में स्ट्रीट लाइट, नर्मदा का पानी कॉलोनियों में लाने और एचटीपी प्लांट डालने की प्रमुख मांग है।

Home / Indore / भाजपाइयों की नाराजगी पर पेंचवर्क

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो