पुलिस के अनुसार मोहन शर्मा पिता देवीलाल शर्मा निवासी गोकुलदास कंपाउंड शीलनाथ कैम्प की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बैंक ऑफ इंडिया पलासिया शाखा से रुपए निकाले थे। वह रुपए लेकर घर पर आए और गाड़ी में बैग रखकर भाई सुनील को लेने के लिए अन्दर चले गए। कुछ देर बाद वापस आए तो कार का कांच फूटा हुआ था। उसमें रखा हुआ बैग गायब था। बदमाश उनके जाने के बाद गाड़ी का कांच फोडक़र बैग ले गया। चोरी गए बैग में करीबन ९० हजार रुपए और कुछ कागजात रखे हुए थे। पुलिस को शंका है कि संभवत: बदमाश उनका बैंक से ही पीछा कर रहे होंगे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। अब पुलिस आसपास के इलाके में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज निकाल रही है। टीआई सुधीर अजारिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।
संजय सेतु पर वारदात ऐसी ही एक अन्य वारदात संजय सेतु के पास की है। सुदील फेरवानी निवासी पालीवाल नगर की शिकायत पर केस दर्ज किया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गाड़ी को संजय सेतु पर खड़ा किया था। कुछ देर बाद वह वापस आए तो गाड़ी पर रखा हुआ बैग गायब था।
सूने घर में चोरी बाणगंगा थाना क्षेत्र के घर में चोरी हो गई। पुलिस के अनुसार मुकेश कुमार पिता सूरजमल गुप्ता निवासी शंखेश्वर सिटी की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। वह किसी काम से बाहर गए थे। वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त था। बदमाश उनके घर से सोने की दो चेन, दो अंगूठी, दो जोड़ी टॉप्स, चांदी के जेवर, सिक्के और रुपए चुराकर ले गए।