
students
जबलपुर। कॉलेज की पढ़ाई करने के बाद कितने युवा रोजगार से जुड़े हैं और कितने युवा अब तक बेरोजगार हैं। प्रदेश में युवाओं की स्थिति का आकलन अब शासन की ओर से जबलपुर में भी कराया जा रहा है। उच्च शिक्षा विभाग के माध्यम से पढऩे वाले ऐसे छात्र छात्राओं का डाटा तैयार किया जा रहा है। यह पूरी कवायद आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश अभियान के तहत की जा रही है। जिसमें इस बात का आंकलन किया जा रहा है कि पढ़ाई के बाद युवाओं के रोजगार की प्रदेश में क्या स्थिति है। यूजी और पीजी की पढ़ाई करने के बाद कितने छात्र सरकारी नौकरी में हैं, कितने निजी संस्थानों में काम कर रहे हैं और कितने अभी तक बेरोजगार हैं इसका पता लगाया जा रहा है। साथ ही यह भी पता किया जाएगा कि कितने युवाओं ने स्वयं का उद्योग स्थापित किया है।
कॉलेजों को अपने छात्रों की जानकारी के लिए एलुमिनाई मीट बेहतरीन माध्यम होता है लेकिन अधिकतर कॉलेजों में एलुमिनाई का ही गठन नहीं किया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने फिलहाल 200 कालेजों की लिस्ट तैयार की है। जिसके माध्यम से शासकीय कॉलेजों के माध्यम से पास आउट हुए छात्र-छात्राओं की जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें विभिन्न सेवाओं में विनयोजित विद्यार्थियों की संख्या की जानकारी ली जाएगी। ओएसडी उच्च शिक्षा डॉ. रंजना मिश्रा ने बताया कि छात्रों के रोजगार की स्थिति क्या है। इस बात का आकलन कराया जा रहा है। सभी कॉलेजों को निर्देश जारी कर तत्काल इस दिशा में कार्य करने के लिए कहा गया है।
Published on:
19 Nov 2020 08:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
