script‘शाहीन बाग’ पर पुलिस-प्रशासन सख्त, ढाई सौ को किया बाउंड ओवर | CAA : Administration strict on 'shahin bagh', bound over 250 people | Patrika News
जबलपुर

‘शाहीन बाग’ पर पुलिस-प्रशासन सख्त, ढाई सौ को किया बाउंड ओवर

अब हंगामा किया तो सीधे भेज दिया जाएगा जेल, सीएए के विरोध के नाम पर अब हंगामा, सड़क जाम और लाउड स्पीकर लगाकर भाषण देने पर है प्रतिबंध

जबलपुरFeb 03, 2020 / 09:18 pm

shivmangal singh

'शाहीन बाग' पर पुलिस-प्रशासन सख्त, ढाई सौ को किया बाउंड ओवर

file photo

जबलपुर. सीएए के विरोध और समर्थन के नाम पर निकाले जा रहे जुलूस, हंगामा और लाउडस्पीकर लगाकर भाषणबाजी करने को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। प्रशासन ने इस मामले में ढाई सौ लोगों को बाउंड ओवर किया गया है। प्रशासन का कहना है कि बाउंड ओवर किए गए लोग यदि दोबारा हंगामा, जुलूस, रास्ता जाम अथवा अन्य किसी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में शामिल होंगे तो उन्हें सीधे छह महीने के लिए जेल भेज दिया जाएगा।

दिल्ली के शाहीनबाग की तर्ज पर जबलपुर में भी सीएए के विरोध में रद्दी चौकी क्षेत्र में धरना चल रहा है। इस धरने में महिलाएं धरने पर बैठी हैं। ये धरना कई दिनों से चल रहा है, इसको लेकर जबलपुर में दो बार बवाल भी हो चुका है। कई बार इंटरनेट भी बंद किया जा चुका है। इससे जबलपुर के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जबलपुर के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शांति पूर्ण धरना-प्रदर्शन से किसी को कोई आपत्ति नहीं है लेकिन बिना अनुमति लिए जुलूस आदि नहीं निकाला जा सकता। धरना-प्रदर्शन भी बिना अनुमति नहीं किया जा सकता। लाउड स्पीकर और साउंड बॉक्स पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। अफसरों का कहना है कि इस समय परीक्षाओं का दौर चल रहा है, इस वजह से साउंड बॉक्स और लाउड स्पीकर पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा नेशनल हाईवे पर जुलूस निकालना और रास्ता जाम करने पर पूरी तरह से रोक है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
चौकन्ना है प्रशासन
सीएए को लेकर चल रहे प्रदर्शन और सोशल मीडिया पर फोटो वीडियो शेयर करने वाले लोगों के खिलाफ रविवार को गोहलपुर हनुमान ताल और अधारताल पुलिस ने ढाई सौ लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। रद्दी चौकी क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन की पैनी नजर है। वहां पर सादी वर्दी में पुलिस तैनात की गई है। इससे भड़काने वाले लोगों की धरपकड़ की जा सके। पुलिस की उन लोगों पर भी नजर है जो लोग पर्दे के पीछे रहकर लोगों को भड़काने और अफवाहें फैलाने का काम कर रहे हैं।

'शाहीन बाग' पर पुलिस-प्रशासन सख्त, ढाई सौ को किया बाउंड ओवर
शुक्रवार को 12 घंटे तक बंद रहा था इंटरनेट, पहरे में थे चार थाना क्षेत्र
जबलपुर. सीएए व एनआरसी को लेकर जबलपुर शहर में तनाव को देखते हुए शुक्रवार को चार थाना क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील कर दिए गए थे। मुख्य मार्गों पर पुलिस की भारी मौजूदगी के बीच अधिकारियों ने पूरे समय रद्दी चौकी चौराहे पर कैम्प रखा था। रद्दी चौकी में जारी महिलाओं के प्रदर्शन और अफवाह फैलने की आशंका को देखते हुए कलेक्टर ने एहतियातन शुक्रवार सुबह पौने नौ बजे से इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी और ये इंटरनेट सेवा रात नौ बजे इंटरनेट सेवा बहाल की गई थी।
रद्दी चौकी में सीएए के विरोध में महिलाओं का प्रदर्शन समाप्त कराने के लिए गुरुवार को कैबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया की पहल गुटबाजी की भेंट चढ़ गई थी। तनाव बना हुआ था। इसे देखते हुए अधारताल, गोहलपुर, ओमती व हनुमानताल क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। एसपी अमित सिंह सहित एएसपी अमृत मीणा व डॉ. संजीव उईके गुरुवार को पूरी रात रद्दी चौकी में कैम्प किए हुए थे। शुक्रवार को चारों थाना क्षेत्रों में 64 प्वाइंटों चिन्हित कर पुलिस बल तैनात किया गया था।
पथराव और रोड जाम करने वालों के खिलाफ एफआईआर : रद्दी चौकी के सामने बिना अनुमति रोड जाम करने और पुलिस पर पथराव करने वाली भीड़ के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर ली थी। पुलिस ने बलवा, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में दो हजार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। वहीं इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। एसपी ने बताया कि वारदात के समय की वीडियोग्राफी कराई गई है। सभी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस सभी मामलों पर ध्यान दे रही है।
संवेदनशील क्षेत्र में मुस्तैद थी पुलिस
पुलिस की ओर से चारों संवेदनशील क्षेत्रों में 64 स्थानों को चिन्हित करते हुए घेराबंदी की रणनीति बनाई गई। आठ अस्थाई पुलिस पिकेट के साथ पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की गई थी। दोपहर में एक से तीन बजे का समय सबसे संवेदनशील बताया गया था। पुलिस ने इसके लिए गोहलपुर तिराहे पर और रद्दी चौकी पर बेरीकेटिंग कर बल तैनात किया था। इसी तरह आनंद नगर, कटरा तिराहे, बहोराबाग, घमापुर चौराहे पर बल तैनात किया गया है। रद्दी चौकी में सीएए व एनआरसी के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं दोपहर दो बजे से एकत्र होना शुरू हुई, तो ये क्रम शाम पांच बजे तक चला। पुलिस ने वहां पुरुषों के जाने पर रोक लगा दी थी।

'शाहीन बाग' पर पुलिस-प्रशासन सख्त, ढाई सौ को किया बाउंड ओवर

26 जनवरी को सामने आ गए थे दो पक्ष
गणतंत्र दिवस के मौके पर कुछ संगठनों ने सीएए के पक्ष में जुलूस निकाला था। 26 जनवरी को हर साल की तरह तिरंगा यात्रा निकालने की भी परंपरा है। इसी बात को लेकर सीएए का विरोध करने वाले और सीएए का समर्थन करने वाले दोनों गुट सामने आ गए थे। पुलिस पहले से काफी सक्रिय थी उसके बाद भी एक गुट ने तिरंगा यात्रा निकाल रहे लोगों और पुलिस पर पथराव कर दिया था। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में सख्ती बरतते हुए बवाल करने वालों पर कड़ी कड़ी कार्रवाई की थी।
लगाना पड़ा था curfew
सीएए के विरोध में 20 दिसंबर को शहर में अचानक बवाल हो गया था। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन को शहर के कई हिस्सों में curfew लगाकर स्थिति को काबू में करना पड़ा था। शहर में बलवे के चलते कई दिन तक इंटरनेट भी बंद रहा था, इससे शहर के आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करने पड़ा था। इससे व्यापार पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा था। 20 दिसंबर को शुक्रवार को रद्दी चौकी क्षेत्र में अचानक भीड़ आ गई थी। इसके बाद भीड़ बेकाबू हो गई और पथराव और आगजनी की घटनाएं सामने आईं थीं, बाद में पुलिस ने लाठी चार्ज करके, आंसू गैस को गोले दागकर बलवाइयों को काबू किया था।

Home / Jabalpur / ‘शाहीन बाग’ पर पुलिस-प्रशासन सख्त, ढाई सौ को किया बाउंड ओवर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो