नौजवानों के कंधे मजबूत होंगे तो देश विकास करेगा। मुख्यमंत्री का कहना था कि कृषि क्षेत्र में उत्पादन तो बढ़ रहा है लेकिन उसका मैनेजमेंट कैसे किया जाए यह बड़ी चुनौती है। किसानों को नफा हो, इसके लिए कृषि नीति में प्रावधान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आगामी 16 दिनों के भीतर प्रदेश के 25 लाख किसानों का कर्जा माफ किया जा रहा है।यह बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा कि नए नजरिए से मध्यप्रदेश के विकास का नक्शा बनाना है। इसके लिए व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।
कमलनाथ ने भाषण की शुरूआत जबलपुर से की। उनका कहना था कि यहां आकर ऊर्जा मिलती है। वैसे मुझे इसकी जरुरत नहीं है लेकिन नई ऊर्जा मिल जाए तो बुराई भी नहीं है। शहर मे कैबिनेट की बैठक करने का उद्देश्य यही कि बीते 50 सालों से उपेक्षित जबलपुर शहर के इतिहास को बदला जा सके। इंदौर बदला, भोपाल में सुधार हुआ, लेकिन जबलपुर कई कारणों से इन शहरों की तरह विकास नहीं कर पाया। न केवल जबलपुर बल्कि महाकोशल को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।