दिल दहला देने वाली वारदात
शहपुरा थाना अंतर्गत वार्ड क्रमांक पांच कैथरा मेें शनिवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शनिवार दोपहर 22 वर्षीय महिला पर बाथरूम में नहाते समय उसकी छोटी बहन ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। महिला को गम्भीर हालत में मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाली युवती को हिरासत में ले लिया है। मामला उलझे रिश्तों का बताया जा रहा है।
बड़ी बहन की देखभाल करने आयी थी
पुलिस के अनुसार अभिलाषा राजपूत (22) की शादी कैथरा निवासी अनमोल ठाकुर से 12 मार्च 2018 को हुई थी। उसका मायका छपरट गांव में है। शादी के छह माह बाद उसकी तबीयत खराब हुई तो दो माह का गर्भ गिर गया। देखभाल करने के लिए उसकी छोटी बहन साक्षी महीने भर उसके यहां रुकी थी। इसके बाद भी उसका आना-जाना जारी रहा। शनिवार सुबह सात बजे साक्षी भाई शशिभूषण के साथ बड़ी बहन के घर पहुंची। कॉलेज में कार्यक्रम बताकर उससे लहंगा-चुनरी लेकर 10.30 बजे घर से निकल गई।
दोपहर 12.30 बजे के लगभग अभिलाषा बाथरूम में नहा रही थी, तभी साक्षी वहां पहुंची और चाकू से उसके गले व पेट पर चार वार किए। अभिलाषा के शोर मचाने पर भागने की हड़बड़ी में साक्षी का सैंडल और चाकू वहीं छूट गया। उसे भागते हुए कई लोगों ने देखा। अभिलाषा को परिजन दोपहर 2.20 बजे मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
गर्भवती थी अभिलाषा
अनमोल ने बताया कि उसकी पत्नी को छह महीने का गर्भ था। युवती ने हत्या क्यों की, यह वही बताएगी। उधर, मेडिकल अस्पताल पहुंची एफएसएल टीम की डॉ. सुनीता ने बताया कि अधिक रक्तस्राव होने से मौत हुई है। उसके पेट और गले की मुख्य नली कट गई थी। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर साक्षी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
…वर्जन…
महिला की हत्या उसकी सगी छोटी बहन ने की है। वारदात में उपयोग किया गया चाकू और आरोपी का सैंडल घटनास्थल से बरामद हुआ है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसएन पाठक, एसडीओपी पाटन
उधर, ग्वारीघाट के पीपी कॉलोनी में पत्नी का गला दबाकर जान लेने की कोशिश
ग्वारीघाट थाना अंतर्गत पति ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई की और गला दबा दिया। महिला के मुंह से खून निकलने लगा और वह बेहोश हो गई। उसे गम्भीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि पीपी कॉलोनी निवासी सावित्री साहू का पति नरेंद्र साहू समोसे के ठेले में कार करता है। शुक्रवार रात 3.30 बजे वह घर पहुंचा। उसने सो रही पत्नी को उठाया और विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
बेहोश होने पर भागा
नरेंद्र ने उसका गला भी दबाया। उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उसके मुंह से खून निकलने लगा। इस बीच उसकी चीख सावित्री की चीख सुनकर उसकी सास और ऊपर के कमरे में सो रही उसकी बहन पहुंची। इस बीच नरेंद्र घर से भाग गया। इसके बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने सावित्री का बयान दर्ज करने के बाद प्रकरण दर्ज किया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।