scriptनर्मदा जयंती पर ग्वारीघाट में लगेगा लाखों श्रद्धालुओं का मेला | Lacs of devotees will reach at Gwarighat on Narmada Jayanti | Patrika News
जबलपुर

नर्मदा जयंती पर ग्वारीघाट में लगेगा लाखों श्रद्धालुओं का मेला

27 नर्मदा तटों पर होंगे आयोजन, प्रशासन ने जाम से राहत का तैयार किया खाका

जबलपुरJan 23, 2018 / 01:53 am

praveen chaturvedi

नर्मदा जयंती पर ग्वारीघाट में लगेगा लाखों श्रद्धालुओं का मेला

gwarighat road

जबलपुर। 24 जनवरी को मां नर्मदा जयंती के मौके पर सिर्फ ग्वारीघाट में पहुंचने वाले तकरीबन 10 लाख श्रद्धालुओं को बिना जाम में फंसे और कम दूरी वाले रास्ते की तैयारी इस बार प्रशासन ने की है। जबकि, सभी २७ तटों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। ग्वारीघाट में सबसे ज्यादा श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। एेसे में तट पर प्रयागराज के माघ मेले की तर्ज पर तैयारियां की जा रही हैं।

श्रद्धालुओं को तटों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए ग्वारीघाट मार्ग को वन-वे किया जाएगा। पर्व पर पैदल आने वाले झंडा चौक होकर तट तक पहुंचेंगे। दोपहिया, चारपहिया वाहन व ऑटो रेत नाका-अवधपुरी से होकर पार्किंग स्थल आयुर्वेद कॉलेज मैदान पहुंचेंगे। यहां से सभी को पैदल तट तक जाना होगा। बुजुर्ग, छोटे बच्चे और महिलाएं ई-रिक्शा से तट तक जा सकेंगी। वापसी में वाहन पार्किंग स्थल के पास पुराने रेलवे ट्रैक पर बनाए गए अस्थाई मार्ग से होते हुए गणेश मंदिर पहुंचेंगे। इसके लिए तिलहरी से होकर 20 किमी मार्ग में बेरिकेडिंग की जा रही है। तटों पर प्रकाश की व्यवस्था भी की जा रही है।

24 घंटे होगी सफाई
नर्मदा जयंती पर तटों पर चौबीस घंटे सफाई की जाएगी। इसके लिए तटों पर नगर निगम के ५०० सफाई कर्मचारियों की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। भंडारा स्थल और तट पहुंचमार्गों पर डस्टबिन भी रखी जाएगी।

कलेक्टर ने तटों का निरीक्षण किया
कलेक्टर महेशचंद्र चौधरी ने नर्मदा जयंती पर नर्मदा प्रतिमा के स्थान पर कलश स्थापना की अपील की है। उन्होंने आयोजन की तैयारियों के लिए सोमवार सुबह ग्वारीघाट तट और कलेक्ट्रेट में बैठक की। एसपी शशिकांत शुक्ला, निगमायुक्त वेदप्रकाश और एसडीएम अरविंद सिंह के साथ पहुंचमार्ग व तट पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को पुख्ता इंतजाम करने की हिदायत दी।

नाविक बनेंगे वॉलेंटियर
ग्वारीघाट के नाविकों ने सोमवार को भी प्रवाह क्षेत्र में एक साथ नावों को बांधकर नौकायन बंद रखा। उनका कहना था कि पर्व के दौरान नौकायन की अनुमति नहीं मिलने से आर्थिक नुकसान होता है। वे ऑल इंडिया फिशरमैन कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों व कांग्रेस नेता लखन घनघोरिया के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपना पक्ष रखा। कलेक्टर ने कहा कि सभी पंजीकृत नाविकों को पर्व पर वालेंटियर बनाया जाएगा। इसके लिए उन्हें रेडक्रॉस से 500 रुपए का भुगतान किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व पर सुरक्षा के मद्देनजर नौकायन बंद रखने का निर्णय किया गया है।

पर्व पर व्यवस्थाओं में बदलाव
– गीताधाम के सामने वाले मैदान व पगलानंद आश्रम के पास होंगे भंडारा स्थल
– तटों पर नहीं मिलेगी भंडारे की अनुमति
– दो हाट-बाजार आयुर्वेद कॉलेज मैदान के समीप बनाएंगे
– फू ल-पत्ती की दुकानों के लिए स्थल चिह्नित
– पहुंच मार्ग पर रखे जाएंगे ट्रांजिट वॉशरूम
– पार्किंग स्थल के पास मैदान में बनाए जाएंगे दो हाट-बाजार
– डॉक्टरों की टीम रहेगी तैनात, एम्बुलेस भी रहेगी मौजूद
– अस्थाई पुलिस कं ट्रोल रूम भी बनेगा
– पुलिस के ५०० जवान सम्भालेंगे मोर्चा
– मार्ग से तट तक होगी लाइटिंग की विशेष व्यवस्था
– तट पर एक ही मंच होगा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो