scriptlatest weather report: अभी और बढ़ सकती है ठंड, विशेषज्ञों ने ये बताए खास कारण | latest winter forecasts and reports | Patrika News
जबलपुर

latest weather report: अभी और बढ़ सकती है ठंड, विशेषज्ञों ने ये बताए खास कारण

दिन में स्थिर, रात में तेजी से गिर रहा पारा

जबलपुरNov 09, 2018 / 10:00 pm

Premshankar Tiwari

latest winter forecasts and reports

अभी और बढ़ सकती है ठंड

जबलपुर। हिमालय की तराई में हो रही बर्फबारी व उत्तरी हवाओं के प्रभाव से शहर के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। दिन के वक्त तापमान तकरीबन ठहरा हुआ है। लेकिन रात के वक्त पारा तेजी से लुढक़ रहा है। शुक्रवार को सुबह सर्द हवाओं के कारण ठंडक रही। लेकिन सूरज जैसे-जैसे चढ़ता गया तापमान बढ़ता गया। दोपहर के वक्त सूरज की किरणें चुभने लगी। लेकिन शाम होते ही कश्मीर और हिमालय की वादियों से आने वाली ठंडी हवाओं ने असर दिखाना शुरू कर दिया। हालात ये बने कि शाम ढले लोगों को गर्म वस्त्र पहनकर ही निकलना पड़ा। मौसम विदों का कहना है कि पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से अभी एक-दो दिन सर्दी का असर और रहेगा। यदि माहौल में नमी बढ़ी तो बादल भी आ सकते हैं।

चार दिन में अंतर बढकऱ दोगुना
दीपावली से एक दिन पहले से मौसम के बदले तेवर का असर शुक्रवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को भी दिन और रात के तापमान में बड़ा फर्क रेकॉर्ड हुआ। न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच बढ़ रहा लगातार अंतर बीते चार दिनों में बढकऱ शुक्रवार को तकरीबन दोगुना हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 6 नवंबर को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच अंतर 9.6 डिग्री सेल्सियस था। यह 9 नवंबर को बढकऱ 18 डिग्री सेल्सिस हो गया।

सेहत पर असर
मौसम में दिन और रात के बीच तापमान के बीच बढ़ता अंतर सेहत के लिए नुकसानदायक है। जानकारों के अनुसार तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव से बदली परिस्थितियों के अनुसार शरीर को ढलने में कुछ वक्त लगता है। ऐसे में सुरक्षात्मक उपाय के बिना बाहर निकलने पर शरीर को नुकसान हो सकता है। बीमारियों से हालियां पीडि़त लोगों को इस मौसम में सतर्कता बरतना चाहिए। दिल के मरीजों को भी सर्द हवाओं से बचना चाहिए।

लुढक़ते पारे की चाल

तिथि – अधिकतम तापमान – न्यूनतम तापमान – दिन व रात के बीच अंतर
6 नवंबर – 29.0 (-1) – 19.4 (+3) – 09.6
7 नवंबर – 28.2 (-2) – 13.4 (-2) – 14.8

8 नवंबर – 28.4 (-2) – 10.8 (-4) – 17.6
9 नवंबर – 29.0 (-1) – 11.0 (-4) – 18.0

रात में माइनस फोर
शहर की रात दो दिन से सर्द बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन में तापमान सामान्य से एक ड्रिग्री सेल्सियस से कम रेकॉर्ड हुआ। वहीं, रात को लगातार दूसरे दिन तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। इसके चलते देर रात ठंड अधिक लग रही है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी हवा 2 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही है। शनिवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो