जबलपुर

Gupt Navaratri पर इन मंदिरों में हो रहे तांत्रिक अनुष्ठान

माघ नवरात्र की आज से शुरुआत

जबलपुरJan 18, 2018 / 11:26 am

deepak deewan

Gupta Navaratri

जबलपुर। माघ माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि आज है। इस दिन से माघ नवरात्र भी शुरु होते हैं जिसे गुप्त नवरात्र कहा जाता है। देशभर में साल में दो बार नवरात्र पर दुर्गापूजा का विधान है पर हकीकत यह है कि दो नहीं साल में चार नवरात्र आते हैं। दरअसल शास्त्रों के अनुसार चैत्र और शारदेय नवरात्र के अलावा दोनों नवरात्र को गुप्त नवरात्र कहा जाता है। जनवरी या फरवरी माह में पडऩवालेे माघ महीने में आने के कारण इस गुप्त नवरात्र को माघ नवरात्र भी कहा जाता है। माघ नवरात्र पर दुर्गा मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही हे। शहर के त्रिपुर सुंदरी मंदिर और बगुलामुखी देवी मंदिर में इस मौके पर तांत्रिक अनुष्ठान करने भी भक्तों का आना शुरु हो गया है।

नवार्ण मंत्र का करें जाप
हालाँकि देश के अधिकतर भाग में माघ नवरात्र के बारे में लोग ज्यादा नहीं जानते हैं। वैसे हिमाचल प्रदेश, पंजाब , हरियाणा, उत्तराखंड आदि प्रदेशों में गुप्त नवरात्रों में माँ भगवती की पूजा की जाती है। इन नवरात्र में तांत्रिक साधना ज्यादा सफल होती है। आम साधक या दुर्गा भक्त माँ भगवती के सभी 9 रूपों की पूजा नवरात्रों के भिन्न – भिन्न नौ दिनों में कर सकते हैं। ज्योतिषाचार्य दीपक दीक्षित बताते हैं कि ये नौ दिन दुर्गा पूजन के लिहाज से काफी अच्छे होते हैं। गृहस्थों को इन दिनों तक नवार्ण मंत्र का ज्यादा से ज्यादा जाप करना चाहिए जिससे माता दुर्गा प्रसन्न होती हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। नवरात्र में दुर्गा सप्तसती का पाठ करना माँ भगवती की आराधना का सर्वश्रेष्ठ तरीका है। समयाभाव हो तो भगवान् शिव रचित सप्तश्लोकी दुर्गा का पाठ कर सकते हैं।

किस देवी की कब करें पूजा
18 जनवरी (बृहस्पतिवार) 2018 – घट स्थापन एवं माँ शैलपुत्री पूजा

19 जनवरी (शुक्रवार ) 2018 – माँ ब्रह्मचारिणी पूजा

20 जनवरी (शनिवार ) 2018 – माँ चंद्रघंटा पूजा
21 जनवरी (रविवार ) 2018- माँ कुष्मांडा पूजा

22 जनवरी (सोमवार) 2018 – माँ स्कंदमाता पूजा

23 जनवरी (मंगलवार ) 2018- माँ कात्यायनी पूजा

24 जनवरी (बुधवार) 2018- माँ कालरात्रि पूजा
25 जनवरी (बृहस्पतिवार )2018- दुर्गा अष्टमी एवं माँ महागौरी पूजा

26 जनवरी (शुक्रवार ) 2018- माँ सिद्धिदात्री नवरात्री पारण

 

Hindi News / Jabalpur / Gupt Navaratri पर इन मंदिरों में हो रहे तांत्रिक अनुष्ठान

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.