scriptराहुल गांधी की सुरक्षा में बड़ा बदलाव, एसपीजी ने सम्हाली कमान | rahul gandhi's security related big news | Patrika News
जबलपुर

राहुल गांधी की सुरक्षा में बड़ा बदलाव, एसपीजी ने सम्हाली कमान

राहुल गांधी के रोड-शो पर बढ़ी गहमा-गहमी

जबलपुरOct 04, 2018 / 08:24 pm

Premshankar Tiwari

rahul gandhi's security related big news

राहुल गांधी की सुरक्षा में बड़ा बदलाव

जबलपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के 6 अक्टूबर को जबलपुर आगमन को लेकर हर तरफ हलचल है। एक तरफ कांग्रेसियों में शक्ति प्रदर्शन जैसी होड़ लगी हुई। राहुल के रोड-शो का निर्धारित मार्ग दिग्गज कांग्रेसी नेताओं के बैनर-पोस्टरों से भर गया है। जिसका जहां जगह मिली वहां अपनी और अपने खास लोगेां की फोटो से भरे फलैक्स लगवा दिए हैं। इधर प्रशासन मुस्तैद है। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट पर विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) ने पहले ही डेरा डाल लिया है। एसपीजी के जवानों ने एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को एक तरह से अपने हाथ ले लिया है। इसके तहत गुरुवार को एयरलाइंस प्रंबधन से एयरपोर्ट पर लैंड और टेकऑफ होने वाली फ्लाइटों की जानकारी ली गई। एयरलाइंस से यह भी जानकारी मांगी गई है कि 6 अक्टूबर को आने जाने वाले यात्रियों की संख्या कितनी होगी। एयरपोर्ट पर पुलिस प्रशासन द्वारा अतिरिक्त दस्ता लगाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी निजी चार्टड विमान से दिल्ली से जबलपुर आएंगे।

साढ़े तीन बजे आएंगे राहुल
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ और चुनाव प्रचार समिति के चेयरमैन ज्योतिरादित्य सिंधिया भी जबलपुर पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 6 अक्टूबर को अपरान्ह साढ़े तीन बजे डुमना हवाई अड्डा पहुंचेंगे। 3.50 बजे वह हेलीकॉप्टर से गीताधाम के पास आयुर्वेदिक कॉलेज ग्राउंड में हेलीपेड पर उतरकर उमाघाट के लिए प्रस्थान करेंगे। मां नर्मदा के पूजन के बाद शाम 4 बजकर 20 मिनट पर ग्वारीघाट से रवाना होकर 20 मिनट पश्चात रामपुर चौक आएंगे। शाम 4 बजकर 40 मिनट से 7 बजकर 40 मिनट तक वह रामपुर से अब्दुल हमीद चौक के बीच रोड शो करेंगे। पांच मिनट के ब्रेक के बाद वह डुमना हवाई अड्डा के लिए रवाना हो जाएंगे। 8 बजकर 20 मिनट पर वह विशेष विमान से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

एयरपोर्ट में केवल यात्रियों को प्रवेश
एयरपोर्ट लाउंज के अंदर केवल यात्रियों को प्रवेश दिया जाएगा। यानी उनके साथ आने वाले सहयात्रियों को गेट से ही बाहर कर दिया जाएगा। सहयात्रियों को भी अपने साथ अपना आइडेंटी कार्ड को रखना होगा। 6 अक्टूबर को भी वीआइपी मूवमेंट के दौरान केवल चुनिंदा राजनेताओं को ही एंट्री दी जाएगी। यह एंट्री भी एसपी द्वारा चिन्हित किए जाने के बाद होगी।

फ्लाइट पर कोई बदलाव नहीं
भले ही राहुल गांधी को सुरक्षा की दृष्टि से एसपीजी सिक्योरिटी मिली है, लेकिन एयरपोर्ट पर रेग्यूलर फ्लाइट में फिलहाल किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। एयरइंडिया, स्पाइसजेट की फ्लाइट अपने नियमित समय पर आएंगी और जाएंगी। गुरुवार तक दोनों ही एयरलाइंस द्वारा कोई भी संकेत नहीं दिए गए।

दिन भर बैठकों का दौर
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे और रोड शो को लेकर दिन भर कांग्रेस कमेटी की बैठकों का दौर चला। यही नहीं ऑल इंडिया कॉंग्रेस कमेटी से आए पदाधिकारियों ने पूरे रूट का दिन में दो बार दौरा भी किया। सचिव जुबेर खान एवं पर्यवेक्षक अब्दुल हन्नान ने कार्यक्रम को लेकर नगर कांगेस कमेटी के साथ सलाह मश्विरा किया। राहुल गांधी के कार्यक्रमों में समन्वयक की भूमिका निभाने वाले प्रमिल नायर भी जबलपुर पहुंच चुके हैं। उन्होंने भी कांग्रेसजनों से रोड-शो के रूट और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।

शिफ्ट कराया स्वागत द्वार
इस दौरान पदाधिकारियों ने स्वागतद्वार से लेकर होर्डिंग के स्थान में परिवर्तन के निर्देश भी दिए। नगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विनय सक्सेना ने बताया कि मिलौनीगंज क्षेत्र में स्वागतद्वार के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए शिफ्ट कराया गया। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के चुनाव प्रभारी हर्षवर्धन सकपाल भी जबलपुर पहुंच गए हैं। वे भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम की समीक्षा करेंगे।

अधिकारियों ने किया निरीक्षण
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन भी मुस्तैद है। राहुल के ग्वारीघाट में आरती व पूजन कार्यक्रम और रो-शो की शुरुआत को लेकर प्रशासन विशेष रूप से चौकस है। आइजी अनंत कुमार सिंह और एसपी अमित सिंह ने ग्वारीघाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। दोनों अधिकारियों ने ग्वारीघाट में हैलीकॉप्टर लैडिंग और वाहनों की पार्र्किंग के स्थल का निरीक्षण किया। इधर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी अपने स्तर पर राष्ट्रीय नेता के स्वागत की तैयारी में लगे हुए हैं।

Home / Jabalpur / राहुल गांधी की सुरक्षा में बड़ा बदलाव, एसपीजी ने सम्हाली कमान

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो