scriptहर युवा की चाहत सेना में जाकर वतन की सेवा करना | The desire of every youth to go to the army | Patrika News
जबलपुर

हर युवा की चाहत सेना में जाकर वतन की सेवा करना

थलसेना दिवस विशेष : सैनिकों के नाम से जाना जाता है जबलपुर के सिहोरा का ग्राम खुड़ावल
 

जबलपुरJan 15, 2022 / 10:48 pm

shyam bihari

sena

sena

 

जबलपुर। वतन की सेवा के लिए यहां का हर युवा तत्पर रहता है। वे सेना में भर्ती होने के लिए लिए पढ़ाई-लिखाई के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी के लिए पसीना बहाते हैं। यह अभ्यास स्थल भी युवाओं ने मिलकर तैयार किया है। उनकी मेहनत और जज्बे का परिणाम है कि अब तक 35 से ज्यादा लोग थलसेना का हिस्सा बन चुके हैं। इसमें एक महिला समेत 22 जवान अभी भी अपनी सेवाएं सेना को दे रहे हैं। हम बात कर रहे हैं जबलपुर जिले के सिहोरा तहसील के ग्राम खुड़ावल की। पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए बीएसएफ के जवान अश्विनी काछी भी इसी गांव में पले-बढ़े थे। सैनिक रामेश्वर पटेल भी भारत माता की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी थी। नक्सलियों के हमले में शहीद हुए राजेंद्र उपाध्याय पुलिस में थे। कई आर्मीमैन सेवानिवृत्ति के बाद आसपास के क्षेत्र के युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करते हैं। वे अपनी सेवाकाल के अनुभव युवाओं से साझा कर उनका हौसला भी बढ़ाते हैं। यहां खुड़ावल सहित आसपास के 20 गांव ऐसे हैं, जहां बड़ी संख्या में सैनिक और उनके परिवार निवासरत हैं। कई परिवारों की एक से दो पीढिय़ां सेना में रही हैं। यहां के युवा पूरी ताकत सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ, राज्य पुलिस में शामिल होने के लिए झोंकते हैं। यहां कुछ ऐसे परिवार भी हैं, जिनका एक ही पुत्र है, वह भी सेना में है। उनके परिवार को उन पर फख्र होता है। गांव के लोग भी सैनिक परिवारों को पूरा सम्मान देते हैं।

सुविधाएं नहीं, स्टेडियम भी भूला प्रशासन
खुड़ावल गांव में युवाओं के अभ्यास के लिए कोई विशेष इंतजाम नहीं हैं। एक सरकारी जगह को मैदान का स्वरूप दिया गया है। यहां पर खुड़ावल सहित आसपास के 20 गांवों के युवा सेना में भर्ती के लिए अभ्यास करते हैं। शहीद अश्विनी काछी की अंत्येष्टि में शामिल होने आए तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यहां स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी, लेकिन सरकार बदलते ही प्रशासन ने भी इसे भुला दिया। अश्विनी काछी की एक प्रतिमा गांव में स्थापित की गई है। गांव के खडग़ सिंह पटेल ने बताया कि युवाओं को सेना के लिहाज से तैयार करने के लिए गांव की एक टीम बनाई गई है। वे उसमें मोटिवेटर का काम करते हैं। पीटीआई अशोक राय, सेवानिवृत्त सैनिक अनंतराम काछी, शिक्षक जगदेव प्रसाद पटेल, कंछेदी राय और रवि यादव इन युवाओं का मार्गदर्शन करते हैं।

Home / Jabalpur / हर युवा की चाहत सेना में जाकर वतन की सेवा करना

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो