scriptये सूदखोर घरों का सिलेंडर तक रखवा लेता है गिरवी | This moneylender takes care of mortgages to the cylinders of houses | Patrika News
जबलपुर

ये सूदखोर घरों का सिलेंडर तक रखवा लेता है गिरवी

पांच प्रतिशत ब्याज पर ऑटो गिरवी रखकर 10 प्रतिशत वसूल रहा था, फिर हुआ खुलासा

जबलपुरJan 13, 2019 / 11:41 pm

santosh singh

ये सूदखोर घरों का सिलेंडर तक रखवा लेता है गिरवी

ranjhi police

जबलपुर. सूदखोरों के बारे में कहा जाता है कि वे दमड़ी के साथ लोगों की चमड़ी भी निकाल लेते हैं। यह कहावत रांझी के झंडा चौक निवासी सूदखोर पर सटीक बैठता है। रविवार को रांझी पुलिस ने इस सूदखोर के घर पर दबिश दी तो दंग रह गयी। सूदखोर के घर से 13 गैस सिलेंडर, एक ऑटो, सात मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल मिला। पुलिस ने सूदखोर को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसकी सूदखोरी का फैला मकडज़ाल सामने आया। वह गिरवी में लोगों से ये सारी सामग्री रखवाया था।
बहन की शादी के लिए सूदखोर के कुचक्र में फंसा ऑटो चालक
बहन की शादी के लिए झंडा चौक निवासी विनय सिंह नेपाली को दो महीने पहले पैसे की जरूरत पड़ी। छह महीने पहले ही उसने लोन पर ऑटो खरीदा था। लोन की किश्त जमा करने के बाद मुश्किल से परिवार का पेट पाल रहा था। ऐसे में बहन की शादी में दहेज का इंतजाम करना उसके लिए मुश्किल हो गया। मजबूरी में वह सूदखोर सतीश कश्यप के पास गया। बहन की शादी की दुहायी दी। अपनी लाचारी बतायी और ब्याज पर पैसे मांगे। सतीश कश्यप पांच प्रतिशत ब्याज पर पैसे देने के लिए राजी तो हुआ, लेकिन शर्त रख दी कि गिरवी में उसे कुछ रखना पड़ेगा।
ऑटो रखवा लिया गिरवी में
विनय को बहन की शादी के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी। उसने सूदखोर की शर्त मान ली। सतीश कश्यप ने उसका ऑटो गिरवी में रखवा लिया। परिवार की इस आजीविका को गिरवी पर रखकर विनय और परेशान हो गया। उसने जैसे-तैसे इंतजाम कर सतीश को दो महीने मूलधन सहित दस हजार रुपए दिए। उसकी मुश्किल तब और बढ़ गयी, जब सतीश ने ब्याज की रकम पांच की बजाय 10 प्रतिशत मांगने लगा। विनय ने अपने हालात का हवाला दिया। गिरवी रखे ऑटो को ये कहते हुए वापस मांगा कि वह कमाकर उसकी पाई-पाई चुका देगा, लेकिन सतीश नहीं माना।
रांझी थाने में दर्ज करायी सूदखोरी की शिकायत
विनय ब्याज की रकम चुका कर टूट चुका था। चारों तरफ से परेशान विनय ने अपनी परेशानी पुलिस अधिकारियों तक पहुंचायी। इसके बाद रविवार को रांझी पुलिस हरकत में आयी। विनय की शिकायत पर पुलिस ने सतीश के खिलाफ कर्जा एक्ट का प्रकरण दर्ज कर लिया। इसके बाद उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया।
बिना लाइसेंस चला रहा था ब्याज पर रकम
रांझी सीएसपी अखिल वर्मा के मुताबिक सतीश बिना लाइसेंस के ब्याज पर पैसे चला रहा था। उसके पास से एक डायरी जब्त की गई है, जिसमें उसके द्वारा क्षेत्र में विभिन्न लोगों को ब्याज पर बांटी गई रकम का ब्यौरा है। उसके घर की तलाशी में गिरवी रखा गया ऑटो, बाइक, सिलेंडर व मोबाइल जब्त कर जांच में लिया गया है।

Home / Jabalpur / ये सूदखोर घरों का सिलेंडर तक रखवा लेता है गिरवी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो