scriptWeather Report : हवा की धीमी चाल से दूर रह गया चक्रवात, एक-दो दिन और बारिश कराएगी इंतजार | weather monsoon forecast madhya pradesh 2019 astro prediction | Patrika News
जबलपुर

Weather Report : हवा की धीमी चाल से दूर रह गया चक्रवात, एक-दो दिन और बारिश कराएगी इंतजार

Weather Report : बंगाली की खाड़ी से बने कम दबाव के क्षेत्र का असर दक्षिण छत्तीसगढ़ तक ही पहुंचा

जबलपुरJul 21, 2019 / 11:36 pm

abhishek dixit

जबलपुर. हवा की चाल धीमी पड़ जाने से शहर में बारिश का इंतजार और बढ़ गया है। श्रावण मास के पांच दिन बाद भी बारिश की झड़ी नहीं लग सकी है। गर्मी और उमस से बेचैन जिले के लोगों को बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के नए सिस्टम से रविवार से अच्छी बारिश की उम्मीद थीं। लेकिन शुक्रवार और शनिवार को हवा की गति 1-2 किमी प्रतिघंटा होने से नए सिस्टम की आमद पिछड़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाली की खाड़ी में बने कम दबाव के कारण उड़ीसा होते हुए छत्तीसगढ़ के दक्षिणी क्षेत्र के ऊपर चक्रवाती हवा का घेरा बना हुआ है। यहीं सिस्टम प्रदेश की ओर आगे बढ़ रहा था। पहले हवा की गति तेज होने से रविवार तक नए सिस्टम से जिले में झमामझ बारिश का अनुमान था। लेकिन हवा की गति कम होने से इसका जिले तक आने का समय बढ़ गया है। वर्षा के लिए अभी एक-दो दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।

चिपचिपी गर्मी से परेशान
सावन के दूसरे और तीसर दिन छिटपुट बारिश के बाद लगातार दो दिन बारिश की एक बूंद जिले में नहीं पड़ी। रविवार को सुबह से ही धूप खिली। यह राहगीरों को चुभी। चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान है। दोपहर को उमस इतनी अधिक बढ़ गई कि पंखे, एसी बंद होते ही घर व ऑफिस के अंदर बैठना मुश्किल था। लंबे समय से चल रहे सिलसिले के अनुसार बादलों की खेप रविवार को भी शाम के वक्त आसमान पर मंडराई। लोकल कोई सिस्टम नहीं बना। पानी नहीं बरसने से गर्मी और उसम और अधिक महसूस हुई। रात को भी चिपचिपी गर्मी ने सुकून छीन रखा है।

सामान्य से चार डिग्री अधिक तापमान
जुलाई के दूसरे पखवाड़े में भी चौबीस घंटे तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 34.2 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। आद्र्रता सुबह के समय 78 और शाम के समय 61 प्रतिशत रेकॉर्ड की है।

शाम को बदली गति और दिशा
मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार रविवार की शाम को हवा की दिशा और गति में बदलाव हुआ है। दो दिन से बेहद धीमी गति से पूर्वी और पश्चिमी हवा चली। रविवार देर शाम हवा की दिशा बदलकर दक्षिण-पश्चिम हो गई। गति भी बढ़कर 5-6 किमी प्रति घंटा हो गई है। इन दोनों स्थिति के कारण दक्षिण छग तक पहुंचा चक्रवाती हवा के घेरे का असर एक-दो दिन तक शहर पहुंच सकता है। इस सिस्टम से तेज बारिश का अनुमान है। तब तक गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है।

Home / Jabalpur / Weather Report : हवा की धीमी चाल से दूर रह गया चक्रवात, एक-दो दिन और बारिश कराएगी इंतजार

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो