पिछले साल के मुकाबले 14 डिग्री से ज्यादा का अंतर
बादल, बूंदाबांदी और हवा की तेज चाल से पारा काफी नीचे आ गया है। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को करीब एक से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, पिछले वर्ष के 4 जून के मुकाबले इस वर्ष की 4 जून के तापमान में 14 डिग्री से ज्यादा का अंतर है। अधारताल स्थित मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तामपान 31.2 और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक नीचे बना रहा। वर्ष 2019 में 4 जून को अधिकतम तापमान 45.4 और न्यूनतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
एक साथ कई सिस्टम सक्रिय
मौसम विज्ञान केन्द्र में वैज्ञानिक सहायक देवेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार निसर्ग तूफान के अलावा अन्य सिस्टम भी मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। चक्रवाती तूफान के साथ पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव बना हुआ है। पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के ऊपर भी कम दबाव का क्षेत्र है। इससे सम्भाग के जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछार के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। 6 जून के बाद मौसम में बदलाव आने की सम्भावना है। बुधवार को रात से गुरुवार को सुबह के बीच करीब 19.9 मिमी वर्षा रेकॉर्ड की गई है। गुरुवार को दिन और रात में भी शहर में बारिश ट्रेस की गई है।