scriptजयपुर में रफ्तार का ऐसा कहर, हादसों ने छीनी दो जान, आधा दर्जन घायल | 4 Road accidents in Jaipur: 2 death and 6 injured in Rajasthan | Patrika News
जयपुर

जयपुर में रफ्तार का ऐसा कहर, हादसों ने छीनी दो जान, आधा दर्जन घायल

Jaipur Road Accident: राजधानी में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शहर में चार सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन घायल हो गए

जयपुरJan 17, 2020 / 04:04 pm

Deepshikha Vashista

accident-1.jpg
जयपुर। राजधानी में देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। शहर में चार सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन घायल हो गए। मानसरोवर में रात करीब एक बजे एक तेज रफ्तार कार गंगा जमुना पेट्रोल पम्प से मानसरोवर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान कार बेकाबू होकर गई। इस पर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगाते ही कार घूमकर मेट्रो पिलर नंबर 32 से जा टकराई। इससे उसके सिर में गहरी चोट आई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान घीया मार्ग श्यामनगर निवासी 35 वर्षीय अभिनव गुप्ता के रूप में हुई। पुलिस ने कार को जब्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया है। हादसे के बाद कार के दरवाजे लॉक हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधा घंटे में कार का दरवाजा तोड़कर चालक को किसी तरह से बाहर निकाला।
दो कारें आपस में टकराई

मानसरोवर में ही देर रात तेज रफ्तार दो कारें आपस में टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मानसरोवर मेट्रो पिलर 35 के पास रात करीब साढ़े 12 बजे तेज गति से चलते दो कारें आपस में टकरा गई। हादसे में दोनों कारों में सवार तीन लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में एक कैब व कार क्षतिग्रस्त हो गई। कैब में चालक के अलावा एक यात्री भी था।
ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत

विश्वकर्मा थाना इलाके में शाम को एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से राहगीर की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शाम करीब सात बजे रोड नंबर-17 पर एक कैंटीन के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान खातियों की ढाणी आकेड़ा डूंगर निवासी 30 वर्षीय नंदकिशोर के रूप में हुई है। नंदकिशोर रोड नंबर 17 पर स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था और काम करने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
पिकअप पलटी, तीन घायल

गाय को बचाने के चक्कर में एक पिकअप बेकाबू होकर पलट गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार अलसुबह करीब साढ़े तीन बजे पिंजरापोल गौशाला के सामने से ट्रक व पिकअप तेज रफ्तार में निकल रहे थे। इसी दौरान एक गाय अचानक दोनों के सामने आ गई। पिकअप डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई। जबकि चालक ट्रक को किसी तरह सकुशल निकालने में कामयाब रहा। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने पिकअप सवार लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।

Home / Jaipur / जयपुर में रफ्तार का ऐसा कहर, हादसों ने छीनी दो जान, आधा दर्जन घायल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो