scriptदिल्ली पहुंचे सीएम गहलोत, मंत्रिमंडल फेरबदल-राजनीतिक नियुक्तियों का रास्ता होगा साफ | Chief Minister Gehlot reached Delhi after eight months | Patrika News
जयपुर

दिल्ली पहुंचे सीएम गहलोत, मंत्रिमंडल फेरबदल-राजनीतिक नियुक्तियों का रास्ता होगा साफ

-मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर सोनिया-राहुल से चर्चा करेंगे गहलोत, शनिवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के बाद सोनिया-राहुल से मुलाकात संभव, मुख्यमंत्री 17 अक्टूबर को लौटेंगे जयपुर

जयपुरOct 15, 2021 / 08:07 pm

firoz shaifi

ashok gehlot ,ashok gehlot

ashok gehlot ,ashok gehlot

फिरोज सैफी/जयपुर।

करीब आठ माह के बाद दिल्ली में शनिवार को होने जा रही कांग्रेस की सर्वोच्च ईकाई कांग्रेस वर्किंग कमेटी(सीडब्ल्यूसी) की बैठक में भाग लेने के लिए शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री गहलोत राजकीय विमान से शुक्रवार 4.30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुए और शाम 5.30 बजे दिल्ली पहुंचे।

सीएम गहलोत के साथ हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल भी दिल्ली पहुंचे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का रविवार को दोपहर जयपुर लौटने का कार्यक्रम है। इधर लंबे समय बाद दिल्ली पहुंचे सीएम गहलोत के दौरे को मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों की माने तो सीएम के दिल्ली दौरे के बाद राजनीतिक नियुक्तियों और मंत्रिमंडल फेरबदल का पिटारा खुल सकता है।

आठ माह के बाद दिल्ली पहुंचे सीएम
वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी 8 महीने के बाद दिल्ली गए हैं। इससे पहले 27 अगस्त को भी मुख्यमंत्री अशोक को दिल्ली जाना था लेकिन अचानक तबीयत नासाज होने और हार्ट सर्जरी के चलते उनका दौरा स्थगित हो गया था।


कोरोना काल में पहली फिजिकली बैठक
वहीं कोरोना काल में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की पहली फिजिकली बैठक शनिवार सुबह 10 बजे कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होगी। इससे पहले कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक वर्चुअल होती आई है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की आखिरी बैठक 22 जनवरी को हुई थी।

कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं का धड़ा जी-23 लंबे समय से कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाने और पूर्णकालिक अध्यक्ष की मांग करता आ रहा है। जी-23 के नेताओं की मांग के बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 16 अक्टूबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक बुलाई है।

मंत्रिमंडल फेरबदल पर होगी सोनिया-राहुल से चर्चा
सूत्रों की माने तो कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल से चर्चा करेंगे।

कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने साथ मंत्रिमंडल फेरबदल, विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों का पूरा रोडमैप तैयार करके ले गए, जिसे वे कांग्रेस सोनिया गांधी और राहुल गांधी के समक्ष रखेंगे। कांग्रेस आलाकमान के सुझावों के बाद ही रोडमैप को फाइनल मंजूरी मिलेगी।

पौने तीन साल राजनीतिक नियुक्तियों, मंत्रिमंडल फेरबदल का इंतजार
दऱअसल प्रदेश में पौने तीन साल कांग्रेस के विधायकों को मंत्रिमंडल फेरबदल, विस्तार और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार है। हाल ही में पंजाब के पर्यवेक्षक और राजस्थान के राजस्व मंत्री हरीश चौधरी भी कह चुके हैं कि जिस दिन मुख्यमंत्री का राजकीय विमान दिल्ली पहुंच जाएगा उसी दिन मंत्रिमंडल फेरबदल की तारीख भी तय हो जाएगी।

अब माना जा रहा है कि जिस तरह से 8 महीने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दिल्ली पहुंचे हैं और राजनीतिक नियुक्तियों और मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से चर्चा करने वाले हैं, उसके बाद मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों का रास्ता साफ होगा।

Home / Jaipur / दिल्ली पहुंचे सीएम गहलोत, मंत्रिमंडल फेरबदल-राजनीतिक नियुक्तियों का रास्ता होगा साफ

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो