जयपुर

सरदारशहर उपचुनावः कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा आज करेंगे नामांकन दाखिल, गहलोत-डोटासरा की चुनावी जनसभा

-सुबह 11 बजे सरदारशहर एसडीम कार्यालय में नामांकन दाखिल करेंगे अनिल शर्मा, दोपहर 12 बजे सरदारशहर के राजीव गांधी स्टेडियम में होगी चुनावी जनसभा

जयपुरNov 17, 2022 / 11:07 am

firoz shaifi

जयपुर। कांग्रेस के दिवंगत विधायक भंवरलाल शर्मा के निधन से रिक्त हुई सरदारशहर सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए आज नामांकन का अंतिम दिन है। सरदारशहर उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी बनाए गए अनिल शर्मा आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। अनिल शर्मा अपने 5 प्रस्तावकों के साथ सुबह 11 बजे सरदारशहर एसडीम कार्यालय में नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया, मनोज मेघवाल, कृष्णा पूनिया भी मौजूद रहेंगे।

चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे गहलोत-डोटासरा
नामांकन के पश्चात कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा के समर्थन में सरदारशहर के राजीव गांधी स्टेडियम में दोपहर 12 बजे से चुनावी जनसभा आयोजित होगी । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा दोपहर 1 बजे सरदारशहर पहुंचेंगे और चुनावी जनसभा को संबोधित करके कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में मत और समर्थन की अपील करेंगे।

चुरू जिले की कांग्रेस प्रभारी और पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ बताया कि दोपहर 12 बजे से चुनावी जनसभा होगी, जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, परिवहन मंत्री बृजेंद्र ओला, कांग्रेस विधायक नरेंद्र बुडानिया, मनोज मेघवाल, कृष्णा पूनिया, महिला आयोग की चेयरमैन रेहाना रियाज, पूर्व विधायक मकबूल मंडेलिया सहित चूरू जिले के तमाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेता भी चुनावी जनसभा मैं मौजूद रहेंगे।

उपचुनाव के लिए आज जारी होगी स्टार प्रचारकों की सूची
वहीं सरदारशहर उपचुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची आज जारी होगी। स्टार प्रचारकों की सूची में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित 40 नेताओं को जगह दी जाएगी। बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस ने सूची तैयार करके पार्टी आलाकमान को भेज दी है।

इससे पहले प्रदेश भाजपा ने भी सरदारशहर उपचुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित 40 नेताओं को जगह दी गई है।

दिवंगत विधायक के पुत्र अनिल शर्मा को उतारा चुनाव मैदान में
इससे पहले सरदारशहर उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने दिवंगत विधायक भंवरलाल शर्मा के पुत्र अनिल शर्मा को चुनाव मैदान में उतारकर सहानुभूति कार्ड चला है। अनिल शर्मा को अभी गहलोत सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है। इसके अलावा वे सरदारशहर पालिका के लंबे समय तक अध्यक्ष रहे और प्रदेश कांग्रेस के सदस्य भी हैं। वहीं बीजेपी ने पूर्व विधायक अशोक कुमार पिंचा को चुनाव मैदान में उतारा है।

वीडियो देखेंः- Sardarshahar By Election : Congress को शिकस्त देने के लिए BJP ने बनाया नया Plan

Home / Jaipur / सरदारशहर उपचुनावः कांग्रेस प्रत्याशी अनिल शर्मा आज करेंगे नामांकन दाखिल, गहलोत-डोटासरा की चुनावी जनसभा

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.