scriptकांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का समापन आज, विधानसभा चुनावों में सेवादल की भूमिका पर 2 दिन मंथन | Congress Seva Dal national training camp closing ceremony | Patrika News
जयपुर

कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का समापन आज, विधानसभा चुनावों में सेवादल की भूमिका पर 2 दिन मंथन

-आबूरोड के ब्रह्माकुमारी आश्रम में 1 अगस्त से चल रहा है कांग्रेस का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर, 2 दिन विधानसभा और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सेवादल की भूमिका पर हुआ मंथन, मुख्यमंत्री गहलोत भी आज वर्चुअल करेंगे संबोधन

जयपुरAug 03, 2022 / 10:22 am

firoz shaifi

congress sevadal camp

congress sevadal camp

जयपुर। सिरोही के आबू रोड के ब्रह्माकुमारी आश्रम में 1 अगस्त से शुरू हुए कांग्रेस सेवादल के तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का समापन आज होने जा रहा है।

दोपहर 2 बजे प्रशिक्षण शिविर का समापन होगा, समापन समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भी शामिल होना था लेकिन दोनों ही नेताओं की तबीयत खराब होने के चलते वो प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन शामिल नहीं हो पाएंगे।

ऐसे में आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं को वर्चुअल संबोधित करेंगे। सीएम गहलोत के वर्चुअल संबोधन के बाद ही कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का समापन होगा।

सेवादल की भूमिका पर 2 दिन चला मंथन
कांग्रेस के सबसे अनुशासित संगठन के रूप में मशहूर कांग्रेस सेवा दल की आने वाले गुजरात, हिमाचल, मध्य प्रदेश और राजस्थान विधानसभा चुनाव में क्या भूमिका रहेगी और लोकसभा चुनाव में सेवादल कार्यकर्ताओं की क्या भूमिका रहेगी इसको लेकर 2 दिन मंथन चला है।

बताया जा रहा है कि 2 दिन कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं को विधानसभा क्षेत्रों में प्रेरक तैयार करने की जिम्मेदारी भी दी गई है। यह प्रेरक अपने अपने प्रभार वाले विधानसभा क्षेत्रों में जाकर अपने अधीन कांग्रेस सेवा दल के प्रेरक तैयार करेंगे। इन प्रेरकों का काम घर-घर जाकर कांग्रेस सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, उपलब्धियों और देश के नवनिर्माण में कांग्रेस के नेताओं का योगदान के बारे में बताएंगे।

दिल्ली से आए ट्रेनर्स ने दी बूथ मैनेजमेंट की ट्रेनिंग
वहीं कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में दिल्ली से आए ट्रेनर्स ने 2 दिन कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी। किस तरह से बूथ मैनेजमेंट का लोकसभा-विधानसभा चुनाव में अहम महत्व होता है। बूथ लेवल का प्रशिक्षण लेने के बाद कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं को मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में भेजा जाएगा जहां वो बूथ लेवल के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट की ट्रेनिंग देंगे।

भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों पर भी हुई चर्चा
दूसरी ओर अक्टूबर माह से प्रस्तावित 3700 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा जो कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली जाएगी, इस यात्रा में कांग्रेस सेवा दल की भूमिका को लेकर भी कांग्रेस सेवा दल के प्रशिक्षण शिविर में मंथन हुआ है।

भारत जोड़ो यात्रा में भी कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं को ही अहम जिम्मेदारी दी जाएगी। 3700 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा 150 दिनों में पूरी होगी। इससे पहले अप्रैल माह से जून माह तक निकाली गई 1300 किलोमीटर लंबी गौरव यात्रा का भी कांग्रेस सेवा दल नहीं नेतृत्व किया था। अकेले राजस्थान में 1050 किलोमीटर की यात्रा कांग्रेस सेवा दल ने निकाली थी।

इनका कहना है
कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का समापन आज दोपहर 2 बजे होगा। 2 दिन कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट और विधानसभा चुनाव की तैयारियों से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया है।

लालजी देसाई, राष्ट्रीय अध्यक्ष, कांग्रेस सेवा दल

Home / Jaipur / कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का समापन आज, विधानसभा चुनावों में सेवादल की भूमिका पर 2 दिन मंथन

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो