जयपुर

स्ट्रैंडेड इन इंडिया पोर्टल पर विदेशी पर्यटकों को मिल रही सहायता

5 दिनों में भारत में फंसे 769 विदेशी पर्यटकों ने कराया रजिस्ट्रेशन

जयपुरApr 07, 2020 / 12:41 pm

MOHIT SHARMA

स्ट्रैंडेड इन इंडिया पोर्टल पर विदेशी पर्यटकों को मिल रही सहायता

जयपुर। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के बीच आवश्यक लॉकडाउन की स्थिति में देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे विदेशी पर्यटकों की पहचान करने तथा उन्हें सहायता और सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से स्ट्रैंडेड इन इंडिया पोर्टल की शुरुआत की है। यह पोर्टल 31 मार्च को शुरू किया गया था। पोर्टल के शुरु होने के पहले पांच दिनों के भीतर ही देशभर से 769 विदेशी पर्यटक इस पर अपना पंजीकरण करा चुके हैं। सहायता प्राप्त करने के लिए पर्यटकों को पोर्टल पर लॉग इन करना होगा, अपने संपर्क के बारे में कुछ जानकारी भी देनी होगी और यदि कोई समस्या या कठिनाई है, तो उसके बारे भी बताना होगा।
सहायता के लिए नोडल अधिकारी
प्रत्येक राज्य सरकार और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने ऐसे विदेशी पर्यटकों की सहायता के लिए एक नोडल अधिकारी बनाया है। पर्यटन मंत्रालय के पांच क्षेत्रीय कार्यालय, पोर्टल पर भेजे जाने वाले अनुरोधों के अनुरूप पर्यटकों को आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए इन नोडल अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर रहे हैं। पर्यटन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय फंसे हुए विदेशी पर्यटकों के वीजा मुद्दों के संबंध में समन्वय बनाए हुए हैं। पोर्टल फंसे हुए विदेशी पर्यटकों के साथ ई-मेल, टेलीफोन और व्यक्तिगत रूप सें संपर्क स्थापित कर रहा है। पोर्टल के माध्य से ऐसे पर्यटक भारत में रहते हुए अपने देश से संबधित विदेशी कार्यालयों से जुड़े हुए हैं और उन्हें अपने देश वापस जाने के लिए भारत से संचालित होने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की जानकारी लगातार मिल रही है। इसके अलावा उन्हें चिकित्सा सहायता, भोजन और आवास की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।

Hindi News / Jaipur / स्ट्रैंडेड इन इंडिया पोर्टल पर विदेशी पर्यटकों को मिल रही सहायता

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.