scriptजयपुर के इस रेलवे स्टेशन में सिर्फ और सिर्फ हैं महिला कार्मिक, अब UN ने भी की तारीफ | Gandhinagar railway station Only women personnel UN also praised | Patrika News
जयपुर

जयपुर के इस रेलवे स्टेशन में सिर्फ और सिर्फ हैं महिला कार्मिक, अब UN ने भी की तारीफ

संयुक्त राष्ट्र ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक विडियो के साथ इस स्टेशन के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए लिखा है कि यहां 40 से अधिक महिला कर्मचारी हैं, जो पुरुषों से अधिक कारगर ढंग से अपनी जिम्मेदारियां निभाती हैं।

जयपुरMay 20, 2019 / 10:54 am

abdul bari

जयपुर।
एक वक्त था जब रेलवे जैसे विभाग में सिर्फ पुरुष ही काम करते थे, लेकिन वक्त ने करवट बदली है और जयपुर का गांधीनगर रेलवे स्टेशन देश का ऐसा स्टेशन बन गया है जहां सिर्फ महिलाएं ही काम करती हैं। कहने को तो यह स्टेशन देश के बाकी रेलवे स्टेशन जैसा ही है, लेकिन एक कारण है, जिसकी वजह से यह स्टेशन दुनिया में अपनी तरह का पहला स्टेशन है।
दरअसल, यह मुख्य लाइन का पहला स्टेशन है, जिसे केवल महिलाओं द्वारा संचालित किया जाता है। हाल ही, संयुक्त राष्ट्र ने महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में इसे एक मील का पत्थर बताया है। यहां आने-जाने वाले लोग हरी झंडी दिखाने वाले गार्ड से लेकर टिकट चेकर और सफाईकर्मियों के रूप में महिलाओं को देखकर हैरान भी होते हैं और खुश भी। टिकट खिड़कियों पर भी रेलवे की सफेद पोशाक पर गहरे नीले रंग का कोट पहने महिलाएं पूरी मुस्तैदी से अपना काम करते दिखाई देती हैं।
बेहतर हुई सफाई व्यवस्था-
संयुक्त राष्ट्र ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक विडियो के साथ इस स्टेशन के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए लिखा है कि यहां 40 से अधिक महिला कर्मचारी हैं, जो पुरुषों से अधिक कारगर ढंग से अपनी जिम्मेदारियां निभाती हैं। इसका कहना है कि महिलाओं द्वारा स्टेशन का कामकाज संभालने के बाद यहां की सफाई व्यवस्था बेहतर हुई है।

50 से अधिक ट्रेनें-
महिलाओं को पुरुषों से बेहतर कर्मी करार देते हुए वीडियो में कहा गया है कि एक ऐसे देश में जहां रोजगार में महिलाओं की भागीदारी मात्र 27 प्रतिशत है, महिलाओं द्वारा इस तरह से एक पूरे रेलवे स्टेशन को संभालना अपने आप में एक मील का पत्थर है। इसमें सवाल किया गया है कि क्या अन्य देश भी इसका अनुसरण करेंगे। उत्तर पश्चिम रेलवे के तहत जयपुर- दिल्ली रेल मार्ग पर स्थित गांधीनगर स्टेशन से हर रोज 50 से ज्यादा ट्रेन गुजरती हैं और सात हजार से ज्यादा यात्रियों की आवाजाही से इस स्टेशन पर रौनक रहती हैं। यहां तैनात महिला कर्मियों को स्टेशन के तमाम कामकाज करने का पूरा प्रशिक्षण दिया गया है।
महिला स्टाफ के कारण अनुशासन-
देश के बाकी तमाम रेलवे स्टेशनों की तरह गांधी नगर रेलवे स्टेशन पर भी रेलवे ओवर ब्रिज है, प्लेटफॉर्म, डिजिटल नोटिस बोर्ड, सीसीटीवी और टिकट खिड़कियों जैसी तमाम सुविधाएं हैं, लेकिन इसे महिलाओं द्वारा संचालित किए जाने की विशेषता ने इसे अपने आप में अनूठा और विशिष्ट बना दिया है। हालांकि मुंबई का माटुंगा उपनगरीय स्टेशन भी महिलाओं द्वारा ही संचालित किया जाता है, लेकिन गांधीनगर मुख्य लाइन का पहला स्टेशन है, जिसके संचालन की पूरी जिम्मेदारी महिलाएं पूरी कर्मठता से निभा रही हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो