
सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए तमिलनाडु मॉडल अपनाएगी सरकार
नई दिल्ली। केंद्र सरकार देश में बढ़ते सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए तमिलनाडु मॉडल अपनाएगी। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान बताया कि तमिलनाडु ही एकमात्र राज्य है, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है। तमिलनाडु के मॉडल को देशभर में लागू किया जाएगा। गडकरी ने बताया कि 2018 में देश में सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या 1.88 लाख थी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क हादसों में कमी जरूर आई है। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सरकार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में पिछले साल सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 17 प्रतिशत इजाफा हुआ है। गडकरी ने बताया कि देश में सभी राज्य और राष्ट्रीय स्तर के सभी राजमार्गों पर अधिक दुर्घटनाओं वाले स्थानों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। परियोजना के प्रस्ताव को विश्व बैंक के समक्ष पेश किया गया है। इसमें सात हजार करोड़ रुपए एशियाई विकास बैंक और सात हजार करोड़ विश्व बैंक से मिलेंगे।
Published on:
23 Jul 2019, 3:56 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.