scriptकल चांद दिखा तो ईद-उल-फितर परसो, अलविदा माह-ए-रमजान की घड़ी नजदीक | If Moon Seen Tomorrow Eid Will Celebrated With Gangaur Date 2024 | Patrika News
जयपुर

कल चांद दिखा तो ईद-उल-फितर परसो, अलविदा माह-ए-रमजान की घड़ी नजदीक

Eid 2024: अलविदा माह-ए-रमजान की घड़ी नजदीक आने के साथ ही कल यानी मंगलवार को घर-घर चांद देखने की रस्म अदा की जाएगी। कल चांद दिखा तो ईद-उल-फितर अगले दिन यानी बुधवार को मनाई जाएगी।

जयपुरApr 08, 2024 / 12:19 pm

Akshita Deora

eid_date_2024.jpg

इमरान शेख़
अलविदा माह-ए-रमजान की घड़ी नजदीक आने के साथ ही कल यानी मंगलवार को घर-घर चांद देखने की रस्म अदा की जाएगी। कल चांद दिखा तो ईद-उल-फितर अगले दिन यानी बुधवार को मनाई जाएगी। चांद नहीं दिखने की सूरत में अगले दिन भी रोजा रखा जाएगा और फिर 10 अप्रेल को बुधवार के दिन चांद नजर आएगा और ईद का पर्व गुरुवार यानी 11 अप्रेल को मनाया जाएगा।

जयपुर की जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद इंतेजामिया कमेटी की ओर से बुधवार को मगरिब की नमाज के बाद शाम 7 बजे चांद देखने की रस्म अदा की जाएगी। ऐसे में समाज के लोगों से अपील की गई है कि ईद का चांद देखने की कोशिश करें और चांद दिखे तो चांद की गवाही दें।

यह भी पढ़ें

जयपुर की ये जगह बन रही यूट्यूबर्स के लिए मोटी कमाई का जरिया, आते हैं मिलियन व्यूज, नहीं है कोई Entry Fee




खाड़ी देशों में चांद का दीदार आज
आज 8 अप्रेल को भारत में 28 रोजे हो चुके हैं, जबकि अरब देशों में 29 रमजान मुकम्मल हो जाएंगे। ऐसे में सऊदी अरब और दुबई जैसे खाड़ी देशों में ईद का चांद आज या परसो नजर आ सकता है। सऊदी अरब में आज शाम ईद का चांद देखने की कोशिश की जाएगी। अरब देशों में रमजान का चांद 10 मार्च को नजर आया था। ऐसे में पहला रोजा 11 मार्च 2024 को रखा गया था। आज की तारीख में अरब में 29 रोजे पूरे हो जाएंगे। रमजान में रोजे या तो तीस होते हैं, या फिर कई बार 29 रोजे भी हो जाते हैं।

eid_date_2024.jpg

इसी वजह से सऊदी अरब में ईद का चांद आज सोमवार की शाम को भी नजर आ सकता है। ज्यादा संभावना 9 अप्रेल की शाम को ईद का चांद नजर आने की है। क्योंकि 30 रमजान से ज्यादा कभी नहीं होते हैं। अरब देशों में ईद एक दिन पहले मना ली जाती है। क्योंकि वहां टाइम जोन की वजह से शाम को चांद एक दिन पहले ही नजर आ जाता है।

ईद की खरीदारी चरम पर
शहर की चारदीवारी में ईद की खरीदारी चरम पर है। मुसलमनों में एक तरफ अलविदा माह-ए-रमजान के जाने का ग़म है, वहीं ईद के आने की खुशी भी है। मुस्लिम समाज के लोग ईद की तैयारी में जुटे हैं। बाजारों में ज़्यादातर लोग कुर्ते-पायजामा, टोपी, सेवईयां और ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी कर रहे हैं। परकोटे में शॉपिंग का आलम यह है कि देर रात तक दुकानों पर खरीदारी की जा रही है। ईद को लेकर बच्चों में अलग ही खुशी है।

ईदगाह में होगी ईद की नमाज़
ईद-उल-फितर की मुख्य नमाज़ शहर की दिल्ली रोड स्थित ईदगाह में सुबह 8:30 बजे अदा की जाएगी। जबकि जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद में ईद की नमाज़ सुबह 7 बजे अदा होगी। चार दरवाजा स्थित मौलाना जियाउद्दीन साहब की दरगाह में ईद की नमाज सुबह 8:45 बजे अदा होगी।

Home / Jaipur / कल चांद दिखा तो ईद-उल-फितर परसो, अलविदा माह-ए-रमजान की घड़ी नजदीक

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो