पुलिस के अनुसार मृतक दंपती की पहचान गणपति नगर निवासी तरुण कुमार सिंह और मधुबाला के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों पति पत्नी घर से बाहर जाने की कहकर निकले थे और यहां शिप्रा पथ थाना इलाके के लैंडस्केप पार्क के पास से द्रव्यवती नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। आस—पास के लोगों ने उन्हें बचाने की भी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से पति पत्नी के शव पानी से बाहर निकलवाएं। पुलिस ने दोनों शवों को जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया है। जहां रविवार को उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
30 फीट ऊंचाई से लगाई छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तरुण और मधुबाला ने लैंडस्केप पार्क के पास से लगभग 30 फीट की ऊंचाई से द्रव्यवती में छलांग लगाई। यहां नदी ज्यादा गहरी थी। इसलिए संभवत: कूदते ही उनकी मौत हो गई। वहीं सूचना पर मौके शिप्रापथ थाने के कांस्टेबल नरेंद्र सिंह और रामेश्वर पहुंचे। जिनकी सूचना पर गोताखोरों ने शव निकाले।
मौत के कारण नहीं चला पता
पुलिस ने बताया कि मृतकों के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिसके चलते आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।