scriptकिराए पर कमरा देखने के बहाने घर में घुसा, अकेली महिला को देखकर डोली नीयत, कर दी ये वारदात | Jaipur crime : theft in Nahargarh Khonagoriyan Thana aria | Patrika News
जयपुर

किराए पर कमरा देखने के बहाने घर में घुसा, अकेली महिला को देखकर डोली नीयत, कर दी ये वारदात

नाहरगढ़ थाना इलाके की घटना, पुलिस कर रही जांच

जयपुरApr 25, 2019 / 05:00 pm

Deepshikha Vashista

जयपुर. शहर में आजकल एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो घर में किराए पर कमरा देखने के नाम से घुसते हैं और अकेली महिला को देखकर अपना जाल फेंकते हैं। खुद को डॉक्टर बताते हुए महिला के इलाज का नाटक करके घर से जेवरात पार कर ले जाते हैं। पिछले दो दिनों में गिरोह ने शहर में ऐसी ही वारदात को अंजाम दिया है। खो-नागोरियान थाना इलाके में जहां नब्ज दबा महिला को बेहोश कर लॉकर से जेवरात पार कर ले गए, वहीं नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की चेन पार कर ले गए।
नब्ज दबा बेहोश कर पार कर लिए जेवरात

खो-नागोरियान थाना इलाके में इंदिरा गांधी नगर निवासी मधु वासवानी के साथ भी इसी तरह की घटना हुई। 24 अप्रेल को दोपहर दो बजे 55 वर्षीय मधु घर में अकेली थी। किराए पर कमरा देखने के लिए व्यक्ति आया। महिला ने प्रथम तल पर कमरा दिखाने गई। व्यक्ति ने पीने के लिए पानी मांगा। महिला ने उसे पानी पिलाया, तो उसने कहा आप भी पानी पी लो। इसके बाद उसने खुद को डॉक्टर बताया और कहा कि आपका मोटापा कम हो जाएगा।
व्यक्ति ने महिला की नब्ज चेक करने के बहाने नस दबा दी, जिससे महिला को बेहोशी छाने लगी। कमरे में रखी अलमारी का लॉक खुला था। लॉकर से चार सोने की चूडिय़ां, कान के टॉप्स, हाथ के कंगन, दो अंगूठी गायब मिली।
डॉक्टर बन झांसे में लिया पार कर ली चेन

नाहरगढ़ थाना इलाके में 23 अप्रेल को इंद्रपुरी कॉलोनी शिवाजी नगर निवासी अड़सठ वर्षीय बुजुर्ग महिला गायत्री देवी के साथ हुईं। शाम 4.30 बजे एक व्यक्ति किराए पर कमरा देखने आया। उसकी उम्र लगभग 45 साल थी और उसके एक पैर में लचक थी। उस समय बुजुर्ग महिला प्रथम तल पर अकेली थी, नीचे उनकी बड़ी बहू मौजूद थीं। बुजुर्ग महिला ने कमरा दिखा दिया। व्यक्ति वहां से चला गया।
दस मिनट बाद वह फिर से आया और उसने बुजुर्ग महिला को कहा कि कमरा पसंद आ गया है किसी और को मत देना। मेरी पत्नी को भी दिखा दूंगा। उसने अपने आपको एसएमएस हॉस्पिटल का डॉक्टर बताते हुए महिला से कहा कि आप बीमार लग रही हो। मालिश कर देता हूं आपको आराम आ जाएगा। व्यक्ति ने महिला को कहा कि आप गले की चेन खोलकर अलमारी में रख दीजिए। बुजुर्ग महिला ने मना कर दिया। वह बार-बार अलमारी में रखने का जोर देता रहा।मालिश के दौरान उसने महिला से कहा आप चेन को तकिए के नीचे रख दो और करवट ले लो। महिला झांसे में आ गई। मौका देखकर व्यक्ति ने चेन चुरा ली और वहां से चला गया। महिला ने जब तकिया संभाला तो चेन नहीं मिली।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो